Showing posts with label राहुल गांधी सुषमा स्वराज नरेंद्र मोदी. Show all posts
Showing posts with label राहुल गांधी सुषमा स्वराज नरेंद्र मोदी. Show all posts

Monday, 15 June 2015

सुषमा स्वराज को बर्खास्त करें मोदीः राहुल

कोरबा (झारखंड): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को बर्खास्त कर देना चाहिए। गांधी ने आज यहां के कुदमुरा गांव में एक सभा के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काले धन को लाने की बात कहते हैं और काले धन के खिलाफ अभियान चलाने की बात कहते हैं लेकिन इधर पूर्व आईपीएल अध्यक्ष ललित मोदी को बचाने का प्रयास किया जाता है। 
उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशमंत्री सुषमा स्वराज को बर्खास्त कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वराज इस्तीफा दे यह मुद्दा नहीं है बल्कि प्रधानमंत्री को उन्हें बर्खास्त करना चाहिए। मोदी सरकार के मुखिया हैं और देश तथा सरकार चला रहें तथा स्वराज उनके मंत्रिमंडल की मंत्री हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व आईपीएल अध्यक्ष ललित मोदी को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
इससे पहले ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राहुल ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि जहां हरियाली थी वहां अब खदाने हो गई हैं और इसलिए हाथियों और ग्रामीणों के मध्य लड़ाई हो रही है। विकास आम लोगों की जान की कीमत पर न हो। विकास का सपना ऐसा देखना चाहिए कि सभी का विकास हो केवल पूंजीपतियों का नहीं। कांग्रेस नेता ने कहा कि यहां जंगल में लगने वाले कोयला खदानों ने आम ग्रामीणों और आदिवासियों का विकास नहीं किया बल्कि इससे उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है कि देश में आदिवासी, किसान और ग्रामीण रहते हैं और हम चाहते हैं कि सबका विकास हो। लेकिन इस सरकार में कुछ लोगों का ही विकास हो रहा है। आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है। किसानों की जमीन छीनी जा रही है। हमने कहा है कि किसान से जमीन पूछ कर ली जाए और उन्हें बेहतर मुआवजा मिलना चाहिए। कांग्रेस मजदूर और किसान के लिए काम करती है जबकि भाजपा कुछ लोगों के लिए।