Showing posts with label 73rd birthday of Amitabh Bachchan. Show all posts
Showing posts with label 73rd birthday of Amitabh Bachchan. Show all posts

Saturday, 10 October 2015

73 वें जन्मदिन (11 October) पर विशेषः कहते हैं बिग बी- मेरी उम्र में काम पाना मुश्किल है

मुंबई: मेगास्टार अमिताभ बच्चन कल 73 वर्ष के हो जाएंगे और उनका कहना है कि उन्हें आजकल दिलचस्प भूमिकाओं को पाने में मुश्किल होती है। अमिताभ बच्चन अपनी उम्र के बढऩे के साथ अपने काम को लेकर बिल्कुल भी सुस्त नहीं हुये हैं और वह विशिष्ट और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं के साथ हमेशा नये अवतार में दिखने को तैयार रहते हैं।
इस वर्ष, दर्शक उन्हें उनकी आगामी फिल्म ‘वजीर’ और उनका नया टीवी शो ‘आज की रात है जिंदगी’ में नयी भूमिकाओं में देखेंगे। बच्चन ने कहा, मेरी उम्र में काम पाना मुश्किल होता है और मैं इस तरह की स्थिति में मैं किसी अन्य व्यक्ति से अलग नहीं हूं। इस वर्ष मैंने तीन फिल्में की- शमिताभ, पीकू और वजीर और अपनी अलग तरह की पटकथा की वजह से ये फिल्में पूरी तरह से मेरे लिए फलदायी साबित हुई हैं। उन्होंने कहा, मैं अब एक टीवी शो 'आज की रात है जिंदगी’ से जुड़ गया हूं। सभी को एक साथ करना मुश्किल है लेकिन मैं प्रयास कर रहा हूं। अगर यह अच्छा होता है तो मैं खुद को धन्य महसूस करूंगा। अगर यह अच्छा नहीं होता है तो मुझे असफलता और निराशा से ऊपर उठने के लिए कठिन मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा, मैं खुश हूं कि मुझे अब भी करने को कुछ काम मिलता है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जब तक मेरा शरीर चलता रहे यह सिलसिला जारी रहे।
अमिताभ अपने नये टीवी शो को लेकर उत्साहित दिखे, लेकिन उन्होंने इसके बारे में अधिक नहीं बताया। उन्होंने कहा, हम अपनी सभी योजनाओं पर निश्चित उत्साह और प्रतिज्ञा के साथ काम करते हैं और हम उम्मीद करते हैं कि इसकी प्रशंसा होगी। उन्होंने कहा कि परिणाम दर्शकों के हाथ में होता है। उनका फैसला महत्वपूर्ण और सर्वोपरि होता है। हम इसका सम्मान करते हैं और इस दिशा में काम करते हैं। उन्होंने कहा, जीवन कठिनाईयों और संघर्षों से भरा हुआ है लेकिन जीवन खूबसूरत भी है। इसका जश्न भी मनाना चाहिए। और उनके लिए भी जश्न मनाना चाहिए जो जीवन को सुंदर बनाते हैं। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ ने बच्चन के करियर को फिर से निखारा और उनका मानना है कि हाल के दिनों में एक माध्यम के रूप में टेलीविजन ने बहुत विकास किया है। उन्होंने कहा, टेलीविजन एक शक्तिशाली माध्यम है। यह प्रभावित करता है। यह विचार बनाता है। यह सूचित करता है। विशेष रूप से हमारे देश में बड़े पैमाने पर इसकी पहुंच है, जहां करीब 800 चैनल हैं।