Showing posts with label Akhilesh Yadav on footsteps of Mayawati. Show all posts
Showing posts with label Akhilesh Yadav on footsteps of Mayawati. Show all posts

Thursday, 29 October 2015

मायावती की राह पर अखिलेश यादव, अपने कई मंत्रियों को हटाया

लखनऊः यूपी के राज्यपाल राम नाईक ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रस्ताव पर पांच कैबिनेट और तीन राज्य मंत्रियों को पद मुक्त कर दिया। मंत्रिमंडल से हटाये गए मंत्रियों के विभाग का जिम्मा मुख्यमंत्री को सौंप दिया गया है। अखिलेश सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार 31 अक्टूबर को किया जाएगा। माना जा रहा है कि अखिलेश डेढ़ साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट गए हैं। बता दें, इससे पहले सहारनपुर के देवबंद से मुजफ्फरनगर से सपा के विधायकों व राज्यमंत्रियों की बीमारी की वजह से मौत हो चुकी है और वहां उपचुनाव भी होने हैं। देखना ये है कि अखिलेश का ये कदम उन्हें फायदा पहुंचाता है या पार्टी में असंतोष के रूप में समस्या बनता है। इससे पहले मायावती ने भी अपने कार्यकाल के अंतिम साल में कुछ ऐसा ही किया था लेकिन उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ था।
राजभवन के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर राजा महेन्द्र अरिदमन सिंह मंत्री स्टाम्प और न्याय शुल्क पंजीयन व नागरिक सुरक्षा, अम्बिका चौधरी मंत्री पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं विकलांग कल्याण, शिव कुमार बेरिया मंत्री वस्त्र उद्योग एवं रेशम उद्योग, नारद राय मंत्री खादी एवं ग्रामोद्योग और शिवाकान्त ओझा मंत्री प्राविधिक शिक्षा को उनके पद से हटा दिया है। इसके अलावा आलोक कुमार शाक्य राज्यमंत्री प्राविधिक शिक्षा, योगेश प्रताप सिंह ‘योगेश भइया’ राज्यमंत्री बेसिक शिक्षा, भगवत शरण गंगवार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग को भी मंत्री पद से पदमुक्त कर दिया है।
राज्यपाल ने पदमुक्त किये गये इन मंत्रियों के विभागों का कार्य अतिरिक्त कार्य प्रभार के रूप में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आवंटित कर दिया है। इसके अतिरिक्त राज्यपाल ने मुख्यमंत्री के दूसरे प्रस्ताव पर अहमद हसन मंत्री चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण मातृ एवं शिशु कल्याण, अवधेश प्रसाद मंत्री समाज कल्याण अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण सैनिक कल्याण, पारस नाथ यादव मंत्री उद्यान खाद्य प्रसंस्करण, राम गोविन्द चौधरी मंत्री बेसिक शिक्षा, दुर्गा प्रसाद यादव मंत्री परिवहन, ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी मंत्री होमगॉडर्स प्रांतीय रक्षक दल, रघुराज प्रताप सिंह (राजा भइया) मंत्री, खाद्य एवं रसद, इकलाब महमूद मंत्री मत्स्य सार्वजनिक उद्यम, महबूब अली मंत्री माध्यमिक शिक्षा को आवंटित विभाग से हटाकर उनके विभागों का कार्य मुख्यमंत्री को अतिरिक्त प्रभाग के रूप में आवंटित कर दिया है। ये मंत्री बिना विभाग के अपने पद पर बने रहेंगे। राज्यपाल राम नाईक नए मंत्रियों को 31 अक्टूबर, सुबह 10.30 पर राजभवन में आयोजित एक समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे।