Showing posts with label Amit Mishra Attacking against Chandimal. Show all posts
Showing posts with label Amit Mishra Attacking against Chandimal. Show all posts

Tuesday, 18 August 2015

अमित मिश्रा ने कहा, चांदीमल के खिलाफ आक्रामक रूख बरकरार रखेंगे

कोलंबो में दूसरा टेस्ट मैच गुरुवार से 
कोलंबो: यह भले ही कुमार संगकारा का विदाई मैच हो लेकिन भारतीय टीम का पूरा फोकस पिछले मैच के शतकवीर दिनेश चांदीमल पर होगा और लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने कहा कि यह श्रीलंकाई बल्लेबाज बुधवार से गुरूवार से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट में उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकेगा। चांदीमल के नाबाद शतक की मदद से श्रीलंका ने भारत को पहले टेस्ट में 63 रन से हराया था ।
मिश्रा ने यहां पी सारा ओवल पर अभ्यास के बाद कहा ,हमने उसके वीडियो देखे हैं और टीम बैठकों में हम उस पर और बात करेंगे । हम बात करेंगे कि उसे कैसी गेंदबाजी करनी है । उसी के हिसाब से फील्ड लगाई जायेगी और हम कोशिश करेंगे कि वह खुलकर नहीं खेल सके । हम उस पर हमला करते रहेंगे। भारत ने विदेश दौरों पर स्पिनरों को काफी विकेट गंवाये हैं । इंग्लैंड में मोईन अली और आस्ट्रेलिया में नाथन लियोन ने भारतीयों को परेशान किया। इसी तरह श्रीलंका में पहले टेस्ट में रंगाना हेराथ और थारिंडू कौशल को खेलने में भारतीय बल्लेबाजों को दिक्कतें आई । मिश्रा ने हालांकि कहा कि भारतीय बल्लेबाजों को स्पिनरों को खेलना बखूबी आता है । उन्होंने कहा , मुझे नहीं लगता कि भारतीय बल्लेबाजों को स्पिन के खिलाफ कोई दिक्कत है । हमारे सभी बल्लेबाज स्पिन को बखूबी खेलते हैं । कई बार दबाव में एक दो विकेट गिर जाते हैं । दबाव में कोई भी गलती कर सकता है।
मिश्रा ने कहा कि पहले मैच में हार के बावजूद टीम का मनोबल उंचा है । उन्होंने कहा, हमें गाले में दूसरी पारी में बल्लेबाजी में और आक्रामक तथा सकारात्मक होना चाहिये था । हार के बावजूद टीम का मनोबल गिरा नहीं है और हम दूसरे टेस्ट में दुगुना प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, हम कुछ अंतराल के बाद टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं लिहाजा गाले में कुछ गलतियां की । लेकिन हम उन पर मेहनत करके बेहतर प्रदर्शन करेंगे। कप्तान विराट कोहली ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिये मिश्रा की तारीफ की थी और इस गेंदबाज ने कहा कि इससे उसका आत्मविश्वास बढा है। उन्होंने कहा, विराट हमेशा मेरी गेंदबाजी की तारीफ करता है । बल्लेबाजी में वह मुझे स्वाभाविक खेल दिखाने के लिये कहता है। मैने उसी तरह बल्लेबाजी की। जब कप्तान आपके साथ हो तो आपका आत्मविश्वास बना रहता है । पांच गेंदबाजों की रणनीति का यही ध्येय होता है कि निचले क्रम पर वे बल्लेबाजी करके विरोधी पर दबाव बनाये।तीन स्पिनरों के फार्मूले पर उन्होंने कहा , हम (मिश्रा, अश्विन और हरभजन) आपस में बहुत बात करते हैं और कोचों से भी चर्चा करते हैं । मुझे उनके साथ गेंदबाजी में मजा आता है क्योंकि वे काफी अनुभवी है । हम बल्लेबाजों की ताकतों और कमजोरियों पर बात करते हैं ।