Showing posts with label Amitabh Bachchan is going to deliver lecture on Hindi. Show all posts
Showing posts with label Amitabh Bachchan is going to deliver lecture on Hindi. Show all posts

Monday, 31 August 2015

अमिताभ बच्चन सिखाएंगे 'अच्छी हिन्दी’ बोलना

नई दिल्ली: आम तौर से फिल्मी हस्तियों से परहेज करने वाले विश्व हिन्दी सम्मेलन में इस बार मशहूर फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन को ना सिर्फ बतौर विशिष्ट अतिथि आमंत्रित किया गया है बल्कि उन्हें 'आओ अच्छी हिन्दी बोलें’ विषय पर व्याख्यान देना है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आज ये जानकारी संवाददाताओं को दी । दस से बारह सितंबर तक भोपाल में आयोजित दसवें विश्व हिन्दी सम्मेलन का ब्यौरा देते हुए उन्होंने कहा, फिल्मों में जो हिन्दी बोली जाती है, उनमें अमिताभ बच्चन सबसे शुद्ध हिन्दी बोलते हैं । सुषमा ने बताया कि इस सम्मेलन का समापन सत्र अमिताभ का 'आओ अच्छी हिन्दी बोलें’ नामक सत्र रहेगा । वह इस विषय पर व्याख्यान देंगे । उनसे सवाल किया गया था कि विश्व हिन्दी सम्मेलन में अमिताभ की क्या भूमिका है और उन्हें इसके लिए क्या कोई भुगतान किया जाएगा ।
इसके जवाब में विदेश मंत्री ने कहा कि अमिताभ को अलग से कोई भुगतान नहीं किया जा रहा है । केवल यात्रा, आवास और वाहन की सुविधा दी जा रही है । विश्व हिन्दी सम्मेलनों में आम तौर से फिल्मी हस्तियों को बुलाने की परंपरा नहीं रही है और फिल्म से जुडे लोगों की ये शिकायत भी रही है कि हिन्दी के प्रचार प्रसार में हिन्दी फिल्मों का बहुत बडा योगदान है लेकिन ऐसे सम्मेलनों में उनकी अनदेखी की जाती है । पिछला विश्व हिन्दी सम्मेलन दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित किया गया था और उसमें भी किसी फिल्मी हस्ती को नहीं बुलाने को लेकर किये गये सवाल पर सरकार ने कहा था कि फिल्मी हस्तियों के आने से सारा आकर्षण वे ही ले जाएंगे और हिन्दी भाषा साहित्य पर गंभीर चर्चा फीकी पड सकती है ।
सुषमा ने कहा कि इस बार विश्व हिंदी सम्मेलन के महाकुंभ के दसवें पड़ाव को व्यापकता प्रदान करते हुए और इसकी परिधि का विस्तार करते हुए मुख्य विषय हिंदी जगत : विस्तार एवं संभावनाऐें के साथ बारह विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा जिसके भविष्य में दूरगामी एवं सार्थक परिणाम निकलकर सामने आएंगे। सम्मेलन में विभिन्न विषयों पर 28 सत्र होंगे और चार सत्र समानान्तर चलेंगे । सम्मेलन में संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी में हिंदी, विधि एवं न्याय क्षेत्र में हिंदी और भारतीय भाषाएं बाल साहित्य में हिंदी, हिंदी पत्रकारिता और संचार माध्यमों में भाषा की शुद्धता, गिरमिटिया (जहां अधिकांश आबादी हिन्दी बोलती है) देशों में हिंदी, विदेशों में हिंदी शिक्षण - समस्याएं और समाधान, विदेशियों के लिए भारत में हिंदी अध्ययन की सुविधा, देश और विदेश में प्रकाशन: समस्याएं एवं समाधान जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन स्थल पर दो विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी । प्रदर्शनी में भोपाल स्थित अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा का महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, आगरा का केन्द्रीय हिंदी संस्थान, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, इंदौर का वेबदुनिया, भारतकोश, माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल, गूगल और सीडैक जैसी संस्थाएं हिस्सा ले रही हैं । इस प्रदर्शनी में हिंदी के विस्तार और विकास यात्रा एवं भविष्य की संभावनाओं को डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा । विदेश मंत्री ने बताया कि सम्मेलन के दौरान डाक तार विभाग द्वारा जारी विशेष डाक टिकट का लोकार्पण भी किया जाएगा। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद द्वारा 12 सितंबर को एक कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा।
अमिताभ बच्चन ने अभद्र एसएमएस को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई 
मुंबई: बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन ने उन अभद्र, अश्लील एसएमएस के बारे में अब पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है जो उन्हें पिछले एक वर्ष से भेजे जा रहे हैं। इससे पहले बच्चन ने आज घोषणा की थी कि उनका ट्विटर अकाउंट हैक हो गया है।  72 वर्षीय अभिनेता ने जुहू पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को संबोधित अपने पत्र में पुलिस से मामले की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

उन्होंने पत्र में लिखा है, कुछ समय से मुझे मेरे निजी फोन पर अभद्र, गंदे और अश्लील एसएमएस मिल रहे हैं। मैं इसके साथ अपने मोबाइल फोन स्क्रीन की कुछ फोटोकॉपी संलग्न कर रहा हूं जिसके बारे में मैं बात कर रहा हूं। बच्चन ने ट्विटर पर लिखा, ''ठीक है, मामला पेचीदा हो गया है। पिछले एक वर्ष से वास्तव में कई गंदे एसएमएस मिल रहे हैं उन सभी को पुलिस को सौंप दिया है। इससे पहले बच्चन ने घोषणा की थी कि उनका ट्विटर अकाउंड हैक हो गया है। ट्विटर पर उनके 44 हजार से अधिक फालोवर्स हैं। 'पीकू’ फिल्म में अभिनय कर चुके अभिनेता बच्चन ने आरोप लगाया कि किसी हैकर ने उनके सोशल नेटवर्किंग अकाउंट पर उन्हें फॉलो करने वालों की सू़ची में कुछ अश्लील साइटों को भी डाल दिया है। परेशान अमिताभ ने इस पर ट्वीट किया, मेरा ट्विटर अकाउंट हैक हो गया है। कुछ लोगों ने मुझे फॉलो करने वाले लोगों की सू़ची में कुछ अश्लील साइटें भी डाल दी हैं। जिसने भी यह किया है, मैं उसे बता देना चाहता हूं कि मुझे इसकी आवश्यकता नहीं है। सोशल मीडिया प्रेमी 'बिग बी’ अपने प्रशंसकों से जुडऩे के लिए ट्विटर, फेसबुक और ब्लॉग का इस्तेमाल करते हैं और इसके जरिये अपने से जुड़ी हर जानकारी उन्हें मुहैया करवाते हैं।