Showing posts with label BJP attacked SP over Shamli issue. Show all posts
Showing posts with label BJP attacked SP over Shamli issue. Show all posts

Wednesday, 10 February 2016

भाजपा ने कहा- शामली की घटना को दबा रही है अखिलेश सरकार

नई दिल्ली: भाजपा ने आज उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार पर शामली घटना को दबाने का आरोप लगाया जिसमें गोली लगने से एक बच्चे की मृत्यु हो गयी थी। भाजपा ने कहा कि राज्य पुलिस प्रदेश के एक मंत्री की भैंसों को तो फौरन खोज लेती है लेकिन इस घटना के दोषियों को अभी तक क्यों नहीं पकड़ पाई।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थनाथ सिंह ने संवाददाताओं से कहा, चार दिन गुजर गये और आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी। उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार कुछ अधिकारियों को निलंबित करके केवल नुकसान की भरपाई कर रही है वहीं इसके नेता संवेदनहीन बयान दे रहे हैं। सरकार घटना को दबा रही है। सिंह ने आरोप लगाया कि प्राथमिकी में जिन पांच मुख्य आरोपियों के नाम दर्ज हैं, वे आजाद घूम रहे हैं वहीं तीन अन्य को सलाखों के पीछे डाला गया है जिनके नाम प्राथमिकी तक में नहीं हैं। भाजपा ने मामले में निष्क्रियता को लेकर अखिलेश यादव से कुछ सवाल पूछे हैं। उसने पुलिस पर महज मूकदर्शक बने रहने का और सपा नेताओं पर संवेदनहीन बयान देने का आरोप लगाया। भाजपा ने कहा कि वह राज्यपाल से गृह मंत्रालय को राज्य में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर एक स्वतंत्र रिपोर्ट भेजने को भी कहेगी। लेकिन पार्टी ने यह भी कहा कि वह सपा को लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से बाहर करेगी, राष्ट्रपति शासन के माध्यम से नहीं। सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव समाजवादी होने की बात करते हैं तो क्या अखिलेश बताएंगे कि जीत के जुलूस में दिनदहाड़े एक बच्चे का मारा जाना क्या समाजवाद है। घटना के कवरेज के लिए मीडिया को उलटा सीधा कहने पर कैराना के सपा विधायक नाहिद हसन पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि किस कानून के तहत उनकी पार्टी के गुंडों ने विजय जुलूस निकालते समय एक बेगुनाह बच्चे को गोली मार दी। उन्होंने कहा कि क्या अखिलेश यादव ऐसे संवेदनहीन बयानों के लिए अपने ही विधायक के खिलाफ कार्रवाई करेंगे जिसका आपराधिक रिकार्ड है।