Showing posts with label BSP candidate from Budhana thrown out of party by mayawati. Show all posts
Showing posts with label BSP candidate from Budhana thrown out of party by mayawati. Show all posts

Saturday, 16 July 2016

बुढ़ाना से बसपा प्रत्याशी को मायावती ने बाहर का रास्ता दिखाया

पांच दिन तक चला था अपहरण का ड्रामा, बाद में पारिवारिक झगड़ा निकला 
लखनऊ: बसपा मुखिया मायावती ने पांच दिन लापता रहने के बाद आज सामने आये मुजफ्फरनगर जिले की बुढ़ाना विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार मोहम्मद आरिफ का टिकट काटते हुए उन्हें पार्टी से निकाल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि मो. आरिफ का न सिर्फ टिकट काट दिया गया है, बल्कि बसपा मुखिया ने उन्हें पार्टी से ही निकाल दिया है।

सिद्दीकी ने बताया कि आरिफ पांच दिन पहले घर से गायब हो गये थे और इसके विरोध में रास्ता रोको आंदोलन भी हुआ, मगर आज वे रहस्यमय तरीके से पानीपत में लोगों के सामने आये और कहा कि वे पारिवारिक कलह के कारण घर से चले गये थे। उन्होंने कहा,  उनके घरेलू मसलों का असर पार्टी पर नहीं पड़ऩा चाहिए। उन्होंने जिस तरह लापता होने का नाटक किया है उससे पार्टी की छवि खराब हुई है। सिद्दीकी ने बताया कि आरिफ की जगह पर पार्टी ने दिल्ली के एक 40 वर्षीय व्यवसायी को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बुढ़ाना से अपना उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। आरिफ 12 जुलाई को दिल्ली से मुजफ्फरनगर जाने के लिए निकले थे, मगर मेरठ में लापता हो गये, जिसे उनके परिजनों ने अपहरण का मामला बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी। आरिफ के परिजनों ने पुलिस को बताया था कि वे 10 लाख रूपये लेकर कार से मुजफ्फरनगर आ रहे थे, मगर घर नहीं पहुंचे और मोबाइल फोन पर भी कोई उत्तर नहीं मिला। तलाश करने पर उनकी गाड़ी मेरठ में पायी गयी। उनके परिजनों ने इसे अपहरण का मामला बताया और इसके पीछे बुढ़ाना से बसपा के पूर्व उम्मीदवार नईम का हाथ होने की आशंका जतायी थी। उनके परिजनों और समर्थकों ने इस प्रकरण को लेकर सड़क जाम आंदोलन भी किया था।