Showing posts with label Calender Girls. Show all posts
Showing posts with label Calender Girls. Show all posts

Thursday, 20 August 2015

नई लड़कियों से मन माफिक काम लिया, अपनी ‘कैलेंडर गर्ल्स’ से खुश हैं मधुर भंडारकर


मुंबईः महिला केंद्रित फिल्में बनाने के लिए पहचाने जाने वाले निर्देशक मधुर भंडारकर का मानना है कि अब भी ऐसे बहुत से मुद्दे हैं, जिन्हें ऐसी फिल्मों के जरिए उठाया जाना बाकी है। 'चांदनी बार’, 'पेज 3’, 'फैशन’, 'कॉरपोरेट’ और 'हीरोइन’ जैसी फिल्में के जरिए नायिका प्रधान फिल्मों का चलन शुरू करने वाले मधुर ने इस बात पर खुशी जाहिर की कि महिला केंद्रित फिल्मों को बॉलीवुड में गति मिल रही है और शीर्ष अभिनेत्रियों को उनका हक मिल रहा है।


मधुर ने कहा, मुझे खुशी है कि बहुत से अन्य लोग महिला प्रधान फिल्में बना रहे हैं। मुझे लगता है कि हमारे देश में ऐसे बहुत से मुद्दे हैं, जिन्हें महिलाओं के प्रति हमारे नजरिए के माध्यम से बताया जाना जरूरी है। ऐसे दर्शक हैं, जो इस तरह का सिनेमा देख रहे हैं। हालांकि अभिनेत्रियों ने सफल फिल्में देकर खुद को साबित किया है लेकिन यदि मेहनताने के स्तर पर देखा जाए तो उनमें और उनके पुरूष समकक्षों में अब भी अंतर बना हुआ है। मधुर ने कहा, यह पुरूष प्रधान उद्योग है। फिर चाहे हॉलीवुड हो या बॉलीवुड, सब जगह ऐसा होता है। हालांकि उनका मानना है कि यह चलन बदल रहा है और कम से कम शीर्ष अभिनेत्रियों को तो उनका हक मिल रहा है।उन्होंने कहा, बहुत सी अभिनेत्रियां धीरे-धीरे और लगातार दीपिका पादुकोण जैसी स्थिति में पहुंच रही हैं। प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ एक ऐसे स्तर तक पहुंच गई हैं, जहां उन्हें अच्छा मेहनताना और वह हक मिलता है, जो वह चाहती हैं। यह अच्छी बात है।


मधुर 'कैलेंडर गर्ल्स’ के प्रदर्शन का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में इस फिल्म का ट्रेलर जारी किया।उन्होंने कहा, जिसने भी ट्रेलर देखा है, वह फिल्म के बारे में अच्छी बातें कह रहा है। हर कोई फिल्म देखने का इच्छुक है। इस फिल्म में मधुर ने पांच नई अभिनेत्रियों को लिया है। उन्होंने कहा, इस फिल्म में नए लोगों की आवश्यकता थी। 'कैलेंडर गर्ल्स’ नई लड़कियों के लिए एक मंच है। नए कलाकारों के साथ काम करना आसान लगता है। नए लोगों को लेकर निर्देशन करना आसान है। मैंने उनका ऑडिशन लिया और उन्हें बताया कि मैं उनसे क्या अपेक्षा रखता हूं। मैंने उनसे मनपसंद काम कराया और मैं नई अभिनेत्रियों के काम से खुश हूं। अपनी फिल्मों के विषय और वास्तविकता को लेकर मधुर अक्सर विवादों से घिर जाते हैं।
इस बात पर उन्होंने कहा, मैं यहां अपने दर्शकों को खुश करने के लिए हूं। जब भी मैं फिल्में बनाता हूं, तो मैं चाहता हूं कि वे वास्तविकता के अनुरूप हों। मैं जीवन की सच्चाई दिखाने के मामले में आगे रहा हूं, ईमानदार रहा हूं। जैसे कि जब मैंने 'हीरोइन’ बनाई, तो मैंने विश्वास नहीं खोया। मैं फिल्मों की सच्चाई दिखाना चाहता था। 'कैलेंडर गर्ल्स’ का निर्माण संगीता अहीर और भंडारकर एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है। फिल्म अगले माह प्रदर्शित होनी है।