Showing posts with label French Open Novak Djkovich won fourth title. Show all posts
Showing posts with label French Open Novak Djkovich won fourth title. Show all posts

Sunday, 5 June 2016

जोकोविच ने फ्रेंच ओपन जीता, कैरियर स्लैम पूरा किया


पेरिस: दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने पहला सेट गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए ब्रिटेन के एंडी मरे को हराकर आज यहां पहली बार फ्रेंच ओपन का पुरूष एकल का खिताब जीता और साथ ही एक ही समय में चारों ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम करने वाले टेनिस इतिहास के सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने। शीर्ष वरीय जोकोविच ने दूसरे वरीय मरे को 3-6, 6-1, 6-2, 6-4 से हराकर अपने करियर का 12वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीता। वह साथ ही डान बज (1938) और रोड लेवर (1962 और 1969) की श्रेणी में शामिल हो गए जिन्होंने एक ही समय में चारों ग्रैंडस्लैम आस्ट्रेलिया ओपन, फ्रेंच ओपन, अमेरिकी ओपन और विंबलडन के खिताब अपने नाम किए थे। जोकोविच ने साथ ही कैलेंडर स्लैम का आधा सफर भी तय कर लिया। पिछली बार यह कारनामा लेवर ने 47 साल पहले किया था।
ग्रैंडस्लैम फाइनल में जोकोविच और मरे के बीच यह सातवीं भिड़ंत थी और सर्बियाई खिलाड़ी पांचवीं बार जीतने में सफल रहा। ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंटों में दोनों खिलाडिय़ों के बीच हुए 10 मुकाबलों में जोकोविच की यह आठवीं जीत है। कुल भिड़ंत में जोकोविच ने मरे के 10 के मुकाबले 24 मैच जीते हैं। मरे 1935 में फ्रेड पैरी के बाद फ्रेंच ओपन खिताब जीतने वाला दूसरा ब्रिटिश खिलाड़ी बनने के लिए चुनौती पेश कर रहे थे लेकिन जोकोविच ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। वर्ष 1925 में इस टूर्नामेंट के अंतरराष्ट्रीय बनने के बाद से मरे सिर्फ तीसरे ब्रिटिश खिलाड़ी हैं जो रोलां गैरों में फाइनल पर पहुंचे। वर्ष 1937 में बनी आस्टिन उप विजेता रहे थे।