Showing posts with label Indrani Mukarjea sheena murder case. Show all posts
Showing posts with label Indrani Mukarjea sheena murder case. Show all posts

Wednesday, 26 August 2015

Full Story: पति से मिलवाया बहन बताकर, बेटी का खुद ही मर्डर करा दिया चैनल की मालकिन ने

 मुंबई: हाईप्रोफाइल मर्डर केस में इंद्राणी मुखर्जी की गिरफ्तारी के मामले में बुधवार को इतने खुलासे हुए कि ये समझना ही मुश्किल हो गया कि क्या ऐसा भी हो सकता है? बुधवार को इस हाईप्रोफाइल मामले में एक और गिरफ्तारी हुई और ये बहुत बड़ा खुलासा हुआ कि दरअसल जिस लड़की की हत्या के इल्जाम में इंद्राणी मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया था वह उसकी बहन नहीं बेटी थी। पुलिस ने इंद्राणी से पूछताछ के बाद उसके पूर्व पति संजीव खन्ना को भी कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है जबकि इंद्राणी का ड्राइवर राय पहले से ही मुंबई पुलिस की हिरासत में है।
हत्या के पीछे की वजह को लेकर अब भी रहस्य बना हुआ है, वहीं इंद्राणी के बेटे मिखाइल ने दावा किया कि उसे वास्तविक वजह पता है लेकिन उसका खुलासा नहीं करेगा। पुलिस ने यह भी दावा किया कि स्टार इंडिया के पूर्व सीईओ पीटर मुखर्जी की पत्नी इंद्राणी रायगढ़ जिले में उस जगह पर मौजूद थीं जहां 2012 में शीना को मारा गया था। मामले की तफ्तीश को राज्य से बाहर ले जाते हुए मुंबई पुलिस ने इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना को कोलकाता में गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि शीना इंद्राणी और उसके एक और पूर्व पति सिद्धार्थ दास की बेटी थी।
कोलकाता के हेस्टिंग्स रोड निवासी खन्ना को हत्या में कथित संलिप्तता को लेकर अलीपुर से उसके दोस्त के फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया गया। यह जानकारी कोलकाता पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) पल्लब कांति घोष ने दी। मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया ने यहां संवाददाताओं से कहा कि शीना की हत्या गला दबाकर की गयी थी और बाद में शव को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल, 2012 को हत्या को अंजाम दिया गया और रायगढ़ पुलिस को शव (कंकाल) 23 मई को मिला। 
मारिया ने यह भी कहा कि खन्ना मामले में एक आरोपी है। इस पूरे घटनाक्रम से सदमे में दिख रहे पीटर मुखर्जी ने कहा कि उन्हें लगता था कि शीना उनकी पत्नी इंद्राणी की बेटी थी, बहन नहीं। वहीं मिखाइल ने कहा कि शीना इंद्राणी की बहन नहीं बेटी थी। उसने कहा कि मुझे इस बात में कोई संदेह नहीं है कि मेरी मां इंद्राणी ने मेरी बहन शीना बोरा को मारा। मिखाइल ने दावा किया कि उसे हत्या की वास्तविक वजह पता है लेकिन वह तभी बताएगा अगर उसकी मां अपना गुनाह कूबूल नहीं करेगी। मिखाइल का बयान इन खबरों के बीच आया है कि शीना और पीटर की पहली शादी से उसके बेटे राहुल के बीच प्रेम संबंध थे और इंद्राणी इसके खिलाफ थी।
अभी खुलेंगे कई और राज
जिस तरह से शीना बोरा मर्डर केस की गुत्थियां उलझती व सुलझती जा रही हैं उससे लगता है कि अभी अगले कई दिन तक ये खबर मीडिया की सुर्खियों में रहने वाली है। इंद्राणी के पति पीटर मुखर्जी स्टार इंडिया के सीईओ रह चुके हैं और मीडिया में उन्हें बड़ा नाम कहा जाताहै। नाइन एक्स जैसे चैनल को उन्होंने लांच किया और इंद्राणी को उसकी सीईओ बनाया। पीटर की ये दूसरी शादी है जबकि इंद्राणी की तीसरी थी। इंद्राणी के पहले पति से ही उसके दो बच्चे थे। 
इस घटना में रिश्तों की गुत्थियां भी उलझीं नजर आईं। इंद्राणी ने पीटर से अपनी बेटी और बेटे को अपनी बहन और भाई बता रखा था वहीं शीना की हत्या के बाद उसके गायब हो जाने को उसने उसके पढ़ाई के लिए अमेरिका चले जाने की बात कहकर परदा डाल रखा था। पीटर ने कहा कि वह सदमे में हैं लेकिन जांच में अधिकारियों को सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि मैंने पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा। जिस तरह की खबर मुझे मिल रही है, जिस तरह का अपराध हुआ है, मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। पीटर ने कहा कि पुलिस को जो मदद, जानकारी चाहिए, मुझे उन्हें देने में खुशी होगी। मैं उन्हें पूरी तरह साफ और सीधी बात बताउंगा और सहयोग करंगा। उन्होंने कहा कि मुझे अपनी पत्नी को लेकर यह बात बिल्कुल समझ में नहीं आई। इतने सालों तक मुझे लगता रहा कि शीना बोरा उसकी बहन है, और अब मुझे बताया जा रहा है कि वह उसकी बेटी थी। जिसे मैं उसका भाई समझता था, वह पिछली शादी से उसका बेटा है, जिसके बारे में मुझे पता नहीं था। मुझे एक शादी के बारे में पता था और अन्य कई के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इसलिए अब मेरे सामने कई ऐसी चीजें आ रहीं हैं, जो मेरे लिए पूरी तरह नई हैं। जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं जाहिर होने की शर्त पर बताया कि इंद्राणी के ड्राइवर ने पुलिस को बताया था कि इंद्राणी ने ही शीना की हत्या की थी और वह हत्या स्थल पर मौजूद थी। हालांकि उन्होंने कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि 24 वर्षीय शीना को रायगढ़ में मारने की योजना थी या कहीं और। मारिया के मुताबिक खार पुलिस ने 21 अगस्त को इंद्राणी के ड्राइवर को शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामले में गिरफ्तार किया था। उसने हत्या की बात कबूली और उसे हत्या स्थल पर ले जाया गया। मुंबई पुलिस ने पीटर के भाई गौतम मुखर्जी को भी तलब किया। मंगलवार को गिरफ्तार करने के बाद इंद्राणी को बांद्रा मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 31 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
शीना बोरा की हत्या कैसे हुई
शीना को नेशनल कॉलेज के बाहर से अगवा किया गया था। वह 1990 के दशक में इंद्राणी के साथ असम से यहां आई थी और उसने सेंट जेवियर्स कॉलेज से बीए इकनॉमिक्स किया था। पुलिस ने कहा कि उसे 2011 में रिलायंस मुंबई मेट्रो में नौकरी मिल गयी लेकिन उसने अचानक काम पर आना बंद कर दिया। उसी साल उसका फेसबुक एकाउंट बंद हो गया।
 पुलिस ने तीन साल पहले उसके सड़े गले शव के अवशेष बरामद किये थे। पेन तहसील के गागोड गांव में लोगों ने इलाके में बदबू आने की शिकायत की थी। पीटर के मुताबिक उसकी पत्नी ने हमेशा उन्हें यही बताया कि शीना उसकी बहन है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह भी नहीं पता था कि शीना लापता है। पीटर के मुताबिक, मुझे बताया गया था कि शीना अमरीका गई हुई है। मैं फेसबुक पर नहीं हूं, लेकिन मुझे लॉस एंजिलिस की और उन जगहों की तस्वीरें दिखाई गयीं जहां वह थी। मेरे पास उससे संपर्क करने के लिए उसका नंबर नहीं था। मेरे बेटे ने मुझसे कहा कि कुछ सही नहीं हो रहा है, लेकिन मैंने कहा कि हो सकता है कि उसके माता-पिता उससे खुश नहीं हों, इसलिए वह अमरीका चली गई हो। उसके बाद से मेरे बेटे ने मुझसे बात नहीं की।
शीना के भाई के पास हैं कई जानकारियां
गुवाहाटी में शीना के भाई मिखाइल ने कहा कि उसकी फरवरी 2012 के बाद से अपनी बहन से बात नहीं हुई और जब उसने अपनी मां से इस बारे में पूछा तो वह कहती थीं कि शीना अमरीका में है। मिखाइल ने कहा कि कल तक मेरे पास कोई सुराग नहीं था कि वह कहां है। उससे कोई संपर्क नहीं था। पिछले साल सितंबर तक वह (इंद्राणी मुखर्जी) यहां आई थीं। तब मैंने उनसे भी पूछा कि मेरी बहन कहां है। 
कल ही मुझे समाचार चैनलों से पता चला कि वह मर चुकी है। हत्या का मामला है। मिखाइल ने कहा कि शीना अकेले मुंबई गयी थी क्योंकि वह वहां नौकरी कर रही थी। शीना को बहन बताने के इंद्राणी के दावे पर उसने कहा कि मुझे कुछ नहीं कहना। क्योंकि किसी मां के बेटे के बारे में, किसी मां की बेटी के बारे में जैविक रूप से साबित किया जा सकता है। मुझे कुछ नहीं कहना क्योंकि आखिरकार वह मेरी मां है। उन्होंने मुझे जन्म दिया। मुझे यह साबित नहीं करना। डीएनए रिपोर्ट आसानी से यह साबित कर सकती है। मिखाइल ने मामले में अपनी मां की गिरफ्तारी और बाद के घटनाक्रम पर कहा कि मुझे न्याय चाहिए। क्योंकि वह मेरी बड़ी बहन थी और मुझे पता है कि किसी लड़की की इस तरह हत्या नहीं की जा सकती। बिना किसी वजह के। जब उससे पूछा गया कि क्या उसे शीना और इंद्राणी के बीच अनबन की जानकारी थी तो उसने कहा कि कई बार और दरअसल लंबे समय से। लेकिन मैं अभी कुछ साफ नहीं कहना चाहता क्योंकि मैं पुलिस की प्रतिक्रिया देखना चाहता हूं। वे कैसे प्रतिक्रिया देते हैं और क्या नतीजा निकलता है। वह हिरासत में हैं। क्या रिपोर्ट आती हैं, उसके बाद मैं फैसला करंगा कि मुझे क्या करना है, अगला कदम क्या होगा।