Showing posts with label Jagmohan Dalmiya M S Dhoni BCCI. Show all posts
Showing posts with label Jagmohan Dalmiya M S Dhoni BCCI. Show all posts

Saturday, 20 June 2015

डालमिया ने कहा, धोनी के खिलाफ कोई जांच नहीं चल रही


कोलकाता: बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया ने महेंद्र सिंह धोनी के कथित हितों के टकराव मसले पर अपने रवैये पर स्पष्टीकरण दिया और कहा कि एक समाचार पत्र ने उनके बयान को गलत छापा कि बोर्ड भारतीय वनडे टीम के कप्तान की जांच कर रहा है। मीडिया रिपोर्टों में आज कहा गया है कि धोनी के कथित हितों के टकराव का बीसीसीआई की तीन सदस्यीय अनुशासन समिति जांच कर रही है जिसमें डालमिया, केपी कजारिया और ज्योरादित्या सिंधिया शामिल हैं।
डालमिया ने बीसीसीआई की विज्ञप्ति में कहा कि ऐसा लगता है कि जहां तक महेंद्र सिंह धोनी का सवाल है तो मुझे गलत उद्धृत किया गया। यह मामला धोनी के खेल प्रबंधन कंपनी रिति स्पोट्र्स मैनेजमेंट प्रा लि से जुड़े होने के कारण पैदा हुआ। यह कंपनी धोनी, सुरेश रैना और रविंदर जडेजा का काम देखती है और इसके अलावा वह आईपीएल टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के विपणन का कार्य भी संभालती है। इस कंपनी की शुरूआत अरूण पांडे ने की थी जिन्हें धोनी का मित्र माना जाता है। रिपोर्टों के अनुसार धोनी के कंपनी में 15 प्रतिशत शेयर हैं।
मीडिया रिपोर्टों में डालमिया के हवाले से कहा गया था कि धोनी के कथित हितों के टकराव पर अनुशासन समिति गौर कर रही है। रिपोर्ट में उनके हवाले से कहा गया कि समिति की रिपोर्ट के बाद ही बीसीसीआई इस मसले पर घोषणा करेगा। लेकिन डालमिया ने आज कहा कि उनका बयान गलत तरह से पेश किया गया।
उन्होंने कहा, मैंने कहा था कि अजित चंदीला के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का मसला अभी बोर्ड की अनुशासनात्मक समिति के सामने अंतिम फैसले के लिये लंबित पड़ा है। डालमिया ने कहा, जब मुझे धोनी की रिति स्पोट्र्स में भागीदारी के बारे में पूछा गया तो मैंने केवल इतना कहा कि मेरा इरादा बीसीसीआई के 2013 में लिये गये फैसले को लागू करने का है जब मैंने 20 जुलाई 2013 को कोलकाता के ताज बंगाल होटल में बीसीसीआई कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता की थी। तब कहा गया था कि खिलाडिय़ों का यदि किसी खेल प्रबंधन कंपनी में किसी तरह की भागीदारी या हित जुड़े हैं तो उन्हें इसको घोषित करना होगा।