Showing posts with label M s Dhoni in Military Training. Show all posts
Showing posts with label M s Dhoni in Military Training. Show all posts

Friday, 7 August 2015

पैराशूट से जंप लगाने की तैयारी में महेंद्र सिंह धोनी


नई दिल्ली: भारतीय वनडे टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आगरा में सेना की पैरा रेजीमेंट के साथ दो सप्ताह का शुरुआती प्रशिक्षण ले रहे हैं। लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद से सम्मानित धोनी ने प्रशिक्षण लेने के लिए खुद ही सेना को लिखा था। इस कोर्स के पूरा होने के बाद संभावना है कि यह स्टार क्रिकेटर पैराशूट से पांच जंप लगाएगा। उन्होंने पैरा ट्रेनिंग स्कूल से पैरा जंप का शुरुआती प्रशिक्षण लेने के लिए पांच अगस्त को पैरा बिग्रेड, आगरा में रिपोर्ट की थी।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सितांशु कार ने कहा कि दो सप्ताह के अभ्यास के बाद संभावना है कि वो पैराशूट से पांच बार जंप लगाएंगे। गौरतलब है कि धोनी को 2011 में पैराशूट रेजीमेंट में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद से सम्मानित किया गया था। उन्हें यह सम्मान खेलों के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान और विभिन्न अवसरों पर सेना के प्रति दिखाई गई प्रतिबद्धता के लिए दिया गया था।
मानद पद मिलने के बाद धोनी ने कहा था, 'यह वास्तविक सम्मान है, क्योंकि मैं हमेशा भारतीय सेना का हिस्सा बनना चाहता था। जब मैं बच्चा था तो सेना से जुड़ना चाहता था। अब मुझे यह वर्दी पहनने को मिल गई है, तो मेरा सपना सच हो गया है।' इसके बाद से धोनी ने कई बार कहा है कि वह खेल से विदा लेने के बाद निश्चित तौर पर सेना में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।