Showing posts with label NCR Heavy Rain Monsoon. Show all posts
Showing posts with label NCR Heavy Rain Monsoon. Show all posts

Monday, 22 June 2015

खुशखबरीः दो-तीन दिन में एनसीआर में छा जाएगा मानसून

देश के दूसरे हिस्सों में झमाझम बारिश जारी 

नई दिल्ली: धीमी गति से प्रगति करने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे की ओर बढ़ रहा है और अगले दो से तीन दिनों में इसके दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के साथ ही समूचे उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज बताया कि इस दौरान मानसून बिहार, झारखंड, गुजरात, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पहुंच जायेगा।
भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि अनुमानों के विपरीत भारत में इस दौरान सामान्य से 21 फीसदी अधिक वर्षा हुई है। विभाग ने कहा- दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर अरब सागर के अन्य क्षेत्रों गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, संपूर्ण उत्तर प्रदेश, हिमाचल, जम्मू और कश्मीर, मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान की ओर अगले तीनों दिनों में बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने कहा है-देर से और धीमी शुरआत के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। मानसून शुरू होने से अब तक 16 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। एजेंसी के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 24 जून से 25 जून तक भारी बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मध्य भारत और दक्षिण उपद्वीप में सामान्य से क्रमश: 45 और 35 फीसदी बारिश हुई है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से तीन प्रतिशत अधिक जबकि पश्चिमोत्तर क्षेत्र में सामान्य से सात प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गयी है।
दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य में इस दौरान तीन गुना ज्यादा बारिश दर्ज किया गया है। राजधानी रायपुर स्थित मौसम केंद्र के निदेशक एम. एल. साहू ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 39.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है। यह सामान्य से तीन गुना ज्यादा है। राज्य में इस महीने इस दौरान सामान्य वर्षा सामान्यत: 9.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जाती है। साहू ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं लगभग राज्य के सभी हिस्से में बारिश की संभावना है। राज्य के आपदा राहत विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य का बस्तर क्षेत्र बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। क्षेत्र के कांकेर जिले में 145.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है। यहां कई निचले इलाकों में पानी भरने की खबर है।
मानसून के फिर सक्रिय होने से पुणे और पश्चिम महाराष्ट्र में रविवार को भारी बारिश हुई जिसके चलते मुंबई जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेने बाधित रही। शहर में कल पूरे दिन बारिश हुई जिसके चलते मौसम विभाग ने शहर और उपनगरों में कल रात साढे आठ बजे तक 34.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की । दमकलकर्मियों को भी शहर के अलग-अलग इलाकों से पेड़ों के उखडऩे से संबंधित कई संकट कॉल आए। कोंकण, विदर्भ और मराठावाड़ा के कुछ भागों के मुकाबले पश्चिम महाराष्ट्र में मानसून देर से पहुंचा। कोल्हापुर, सतारा और सांगली जिलों में बड़े पैमाने पर बारिश हुई। मौसम अधिकारी ने बताया कि मुख्य जलग्रहण क्षेत्र चार शहरी बांधों वरसगांव, पंशचेट, पावना और खडगवासला में अधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले दो दिन तक मानसून के सक्रिय रहने की भी संभावना बनी हुई है।
कल भारी बारिश के चलते पुणे और मुंबई के बीच की छह ट्रेने रद्द कर दी गई थी जबकि कुछ ट्रेनों का पुनर्निधारित किया गया था। मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि अगले 48 घंटों में ट्रेन यातायात के सामान्य होने की संभावना है।