Showing posts with label Narendra Modi Sugar cane farmers meeting. Show all posts
Showing posts with label Narendra Modi Sugar cane farmers meeting. Show all posts

Thursday, 18 June 2015

यूपी के किसानों से मिले मोदी, कहा- सबको आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं हम

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि सरकार किसानों और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर तथा समृद्ध बनाने के लिये काम कर रही है। उत्तर प्रदेश के 150 गन्ना किसानों के समूह से बात करते हुए मोदी ने कहा कि केंद्र ने इस सोच को ध्यान में रखते हुए अनेक कदम उठाये हैं।



गन्ना किसानों को 6,000 करोड़ रपये देने के और गन्ना क्षेत्र के लिए हाल ही में अन्य किसान समर्थक कदम उठाने पर धन्यवाद अदा करने के लिए किसानों ने आज शाम यहां रेसकोर्स रोड स्थित प्रधानमंत्री आवास पर मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने विस्तार से बताया कि उनकी सरकार सभी गांवों को 24 घंटे बिजली देने के लिए किस तरह काम कर रही है और इससे किस तरह ग्रामीण जनता का जीवनस्तर बदल जाएगा तथा उन्हें अपनी फसलों को उन्नत बनाने का अवसर मिलेगा।
मोदी ने कहा कि सभी किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड देने का सरकार का फैसला उन्हें फसलों की लागत कम करने और उत्पादकता बढ़ाने में मदद करेगा। सूक्ष्म-सिंचाई से भी किसानों को उत्पादन में मदद मिलेगी। उन्होंने अपनी सरकार की वित्तीय समावेश और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के फायदों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सीधे लाभ हस्तांतरण व्यवस्था से बिचौलियों को हटाने में मदद मिलेगी और किसानों के लिए मंजूर समस्त वित्तीय सहायता उन तक पहुंचेगी।
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि एथेनॉल का समर्थन मूल्य तय करने के सरकार के फैसले से गन्ना किसानों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव बालियान, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी और भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के संगठन सचिव सुनील बंसल मौजूद थे।