Showing posts with label Nitin Gadkari BJP Vasundhara Raje. Show all posts
Showing posts with label Nitin Gadkari BJP Vasundhara Raje. Show all posts

Monday, 22 June 2015

गडकरी ने कहा- लीगली, लॉजिकली और एथिकली वसुंधरा एकदम सही

जयपुर: केन्द्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने आज कहा कि केन्द्रीय भाजपा संगठन एवं केन्द्र सरकार पूरी तरह राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के साथ खड़ी है। पार्टी कल भी वसुन्धरा के साथ थी और आज भी उनके साथ है। एक दिवसीय यात्रा पर जयपुर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान की मुख्यमंत्री पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद एवं निराधार हैं। आरोपों में न कोई वैधानिकता है और न किसी प्रकार का भ्रष्टाचार हुआ है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, गडकरी ने कहा कि वसुन्धरा राजे पर जो आरोप लगे हैं वे बेबुनियाद हैं। जहां तक इनके बेटे पर लगे आरोप का मामला है, वह पूरी तरह से व्यावसायिक लेनदेन है और इसका आयकर रिटर्न भी दाखिल किया गया है। किसी से पैसा कर्ज पर लेना कोई गुनाह नहीं है। इस प्रकार की डील को इस तरह राजनैतिक विवादों में लाने की जो कोशिश की जा रही है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। चाहे वह सुषमा जी का सवाल हो या वसुन्धरा जी का। उन्होंने कहा कि वसुन्धरा जी लीगली तौर पर, लॉजिकली और एथिकली बिल्कुल सही हैं। कहीं उनकी कोई गलती नहीं है। कोई भ्रष्टाचार नहीं है और गैरकानूनी लेनदेन नहीं है। आरोपों में तथ्य नहीं है और यह आरोप निराधार हैं। इस प्रकार की राजनीति करना यह मुझे लगता है ठीक नहीं है और किसी को भी इस प्रकार बदनाम करना उचित नहीं है।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मैं स्वयं विश्वास रखता हूं कि वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान ने लगातार प्रगति की है और राज्य विकास के पथ पर अग्रसर है तथा आगे भी प्रगति करेगा। नये रोजगार के नये साधन निर्माण होंगे। नये उद्योग आयेंगे और उनके नेतृत्व मेें राजस्थान देश का एक प्रगतिशील, सम्पन्न और समृद्घ राज्य बनेगा। स्वाभाविक रूप से जो विकास हो रहा है इसे लेकर कुछ लोगों को चिंता है और इसी कारण वे ऐसा बेबुनियाद आरोप लगाते हैं। इन पर उन्हें ध्यान नहीं देना चाहिए। मेरी उनसे (वसुन्धरा जी से) चर्चा हुई है, मैंने उनको विश्वास दिलाया है कि भारत सरकार और हमारी पार्टी पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मीडिया में हर कोई बेबुनियाद बातें करता रहे और हम तुरन्त बयान देते रहें। मैं पहली बात बताता हूं कि यह जो तर्क निकाला जा रहा है कि पार्टी वसुन्धरा राजे के लिए आगे नहीं आ रही, ये गलत है, हम उस समय भी वसुन्धरा राजे के साथ थे और आज भी उनके साथ हैं। किसी तरह का कन्फ्यूजन हमारे दिमाग में नहीं है। उन्होंने कांग्रेस का नाम लिये बिना कहा कि जो लोग पूरी तरह से पिट गए हैं जिनके बंगले चले गये हैं, जिनके मंत्रीपद चले गये। वे बेचारे निराशा में हैं। कभी-कभी बेबुनियाद आरोप लगाते हैं तो हमें उनकी भावनाओं को समझना चाहिए।