Showing posts with label No one can become Amitabh Bachchan says Abhishek Bachchan. Show all posts
Showing posts with label No one can become Amitabh Bachchan says Abhishek Bachchan. Show all posts

Monday, 3 August 2015

बिग बी जैसा स्टार बन पाना असंभव: अभिषेक बच्चन

बोले जूनियर बच्चन- बजट की प्लानिंग ने हो पाने की वजह से नहीं चली ‘शमिताभ’
अभी कई और फिल्में बनाने का इरादा रखते हैं जूनियर बच्चन
मुंबई: अभिनेता अभिषेक बच्चन का मानना है कि अमिताभ बच्चन द्वारा हासिल किए गए 'मेगा-स्टारडम’ को हासिल करने का ख्याल किसी को नहीं रखना चाहिए क्योंकि ऐसी शख्सियत सदियों में एक ही होती है। चार दशक से ज्यादा के करियर में बिग बी ने 'दीवार’, 'जंजीर’, 'डॉन’, 'शोले’, 'नमक हलाल’, 'अभिमान’, 'बागबान’, 'ब्लैक’, 'पा’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया है। कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए 72 वर्षीय अमिताभ को पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है।
अभिषेक ने न्यूज एजैंसी पीटीआई से कहा, मेरे पिता ने जो सुपर स्टारडम हासिल किया है, मैं उसे प्राप्त करने की महत्वाकांक्षा नहीं रखता। कोई भी ऐसा करने के लिए महत्वाकांक्षा नहीं रख सकता और न ही किसी को रखनी ही चाहिए क्योंकि यह संभव है ही नहीं। उन्होंने कहा, वह (अमिताभ) सदियों में एक बार ही आते हैं। अच्छा होगा कि इस बात को स्वीकार किया जाए और आगे बढ़ा जाए। आप मेहनत करके अपना अलग मुकाम बनाओ।
बिग बी, विजय नांबियार की आगामी फिल्म 'वजीर’ में दिखाई देंगे। इस फिल्म में वह लकवाग्रस्त शतरंज खिलाड़ी की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में उनके साथ फरहान अख्तर और अदिति राव हैदरी भी हैं। अभिषेक ने कहा कि अपने पिता को एक बड़ी उम्र में पहुंच जाने के बावजूद खुद में नयापन लाते हुए देखना बेहद प्रेरणादायी है। अभिषेक ने कहा, मैंने अभी तक फिल्म देखी नहीं है। मैंने इसका टीजऱ देखा है और मुझे यह बहुत पसंद आया। यह शानदार है। इस उम्र में भी उन्होंने खुद को एकदम नए रूप में ढाल लिया। यह एक खास कौशल है। उन्होंने हमेशा शानदार फिल्में की हैं। अभिषेक ने बॉलीवुड में 15 साल पूरे कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने अपनी विफलताओं से बहुत कुछ सीखा है। 'युवा’, 'बंटी और बबली’, 'गुरू’, 'सरकार’, 'सरकार राज’, 'दोस्ताना, 'धूम’, 'पा’, ‘ब्लफमास्टर’ आदि में उनकी भूमिकाएं बेहद सराही गईं। अभिषेक ने कहा, मैंने इसका आनंद लिया और बहुत कुछ सीखा है। मैंने अपने 15 साल के सफर से सबकुछ सीखा है। आपका सफर सिखाने वाला होना चाहिए। उन्होंने कहा, इंसान को सफलता से तो सीखना ही चाहिए लेकिन विफलता से कहीं अधिक सीखना चाहिए। अंतर इसी बात से पड़ता है कि आप सफलता और विफलता को किस तरह लेते हैं।
अभिषेक का मानना है कि बॉलीवुड में एक सुपरस्टार का बेटा होना दीर्घकाल में कोई मायने नहीं रखता क्योंकि किसी अभिनेता को काम तभी मिलेगा, जब उसे दर्शकों द्वारा पसंद किया जाएगा। अभिषेक ने कहा, मैं एक सकारात्मक व्यक्ति हूं और मैं निराश होकर गिरता नहीं हूं। मैं कह सकता हूं कि मैंने 15 साल तक काम किया है। यह अवसर दर्शकों द्वारा आपको दिया जाता है और यह बिल्कुल मायने नहीं रखता कि आप किसके बेटे या किसके पोते हैं। उन्होंने कहा, दर्शक तय करते हैं कि वे आपको कितना देखना चाहते हैं। यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि मुझे दर्शकों का मनोरंजन करने का मौका मिला। अभिषेक की आने वाली फिल्मों में उमेश शुक्ला की 'ऑल इज वेल’, 'हेराफेरी 3’ और 'हाउसफुल 3’ शामिल हैं।
अभिषेक बच्चन ने कहा कि उनकी घरेलू प्रोडक्शन की फिल्म 'शमिताभ’ बजट के कारण असफल हो गई। इस फिल्म में उनके पिता अमिताभ बच्चन ने अहम भूमिका निभायी थी। आर बल्की निर्देशित और मेगास्टार अमिताभ बच्चन, धनुष और अक्षरा हासन अभिनीत फिल्म ‘शमिताभ’ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा नहीं किया था। अभिषेक ने बताया कि मेरे ख्याल से हमने गलत तरीके से बजट तैयार किया। हमने इसे ज्यादा महंगा बना दिया। अगर इसे नियंत्रित बजट में बनाया गया होता तो यह फिल्म बेहतर कर सकती थी। अभिषेक (39) की भविष्य में और फिल्मों के निर्माण की योजना है। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने हाल ही में 'पीकू’ और 'शमिताभ’ की। फिल्मों के स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। प्रोजेक्ट शुरआती दौर में हैं। अमित शर्मा के साथ एक फिल्म के स्क्रिप्ट पर काम जारी है। ये ऐसी चीजें हैं जिनके वास्तिवक तौर पर आगे बढऩे की जरूरत है। ‘दोस्ताना 2’ की खबरों के बीच अभिषेक ने कहा कि यह फिल्म नहीं बन रही है। उनका मानना है कि 2005 की उनकी हिट फिल्म ''ब्लफमास्टर’ की सिक्वेल बननी चाहिए।