Showing posts with label Sanjeev Balyan hits Akhilesh Yadav Government for Graveyard Crematory. Show all posts
Showing posts with label Sanjeev Balyan hits Akhilesh Yadav Government for Graveyard Crematory. Show all posts

Monday, 6 June 2016

संजीव बालियान का अखिलेश के 'मुस्लिम तुष्टिकरण' पर प्रहार

केंद्रीय मंत्री ने 170 श्मशान घाटों का कराया है जीर्णोद्धार
भाजपा सांसद का दावा, यूपी सरकार ने कब्रिस्तानों पर खर्च किए हैं 300 करोड़ रुपये 
मुजफ्फरनगरः स्थानीय सांसद व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान का दावा है कि वे यूपी की मुस्लिम तुष्टिकरण वाली अखिलेश यादव सरकार के खिलाफ अपना हिंदुत्ववादी अभियान जारी रखे हुए हैं और वे इसके लिए अब तक 170 श्मशान घाटों का उच्चीकरण करा चुके हैं। संजीव का कहना है कि यूपी सरकार ने मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए प्रदेश भर के कब्रिस्तानों के लिए चारदिवारी कराने का अभियान चलाया हुआ है। इसकी आड़ में अतिक्रमण भी किया जा रहा है। इसके जवाब में उन्होंने प्रदेश में श्मशान घाटों के उच्चीकरण की मुहीम चलाई हुई है।

संजीव बालियान का तर्क है कि हिंदुओं के श्मशान घाटों पर सभी जात बिरादारियों व समुदायों के लोग (सिख, जैन, दलित आदि) अंतिम संस्कारों के लिए आते हैं। किसी सरकार ने कभी नहीं सोचा कि किसी भी व्यक्ति के अंतिम संस्कार का क्या महत्व है। कुछ लोग तो ऐसे हैं जिनके पास लकड़ी खरीदने तक के लिए पैसे नहीं हैं। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में तो लोग खेतों में ही चिताएं लगाते हैं। वहां श्मशान घाट ही नहीं हैं। जो हैं वे उपेक्षित हैं। किसी में शेड नहीं है। बारिश हो जाए तो घंटों तक लोग भीगते हुए इस इंतजार में खड़े रहते हैं कि बारिश रुके तो अंतिम क्रियाएं पूरी की जाएं। ऐसे में उन्होंने फैसला किया कि श्मशान घाटों को विकसित किया जाए। वहां अंतिम संस्कार के लिए आधुनिक सुविधाओं के अलावा पर्याप्त शेड आदि की व्यवस्था हो। उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्होंने अपने प्रयास किए हैं और अब तक वे 170 श्मशान घाटों की जीर्णोद्धार करा चुके हैं।

डॉ. बालियान का कहना है कि यूपी सरकार ने कब्रिस्तानों की चारदीवारी करने के लिए 300 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। जबकि हिंदू श्मशान घाटों की ओर प्रदेश सरकार का ध्यान ही नहीं है। वे जिस भी गांव में जाते हैं वहां लोग उनसे श्मशान घाट व बारात घरों की कमी की बातें कहते हैं। इसलिए उन्होंने बारात घरों के लिए भी कई जगह अपनी संसदीय निधि से पैसा दिया है। देखना है कि संजीव बालियान की ये हिंदूवादी मुहीम क्या रंग लाती है और इसका भाजपा को अगले विधानसभा चुनाव में क्या लाभ मिलता है।