Showing posts with label Zaheer Kahn says final bye to international cricket. Show all posts
Showing posts with label Zaheer Kahn says final bye to international cricket. Show all posts

Thursday, 15 October 2015

चोटों से परेशान जहीर खान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा


साथियों ने दी नई शुरूआत की शुभकामनाएं, आईपीएल में होगा अंतिम सीजन

मुंबई: भारत के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक जहीर खान ने आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया और चोटों से तंग आ चुके इस धुरंधर गेंदबाज ने स्वीकार किया कि अब उनका शरीर खेलने का बोझ और नहीं सह सकता । ट्वीट करने के बाद जहीर ने एक लंबे बयान में कहा , मैं आगामी सत्र की तैयारी कर रहा था तो मुझे लगा कि मेरा कंधा रोज 18 ओवर फेंकने का बोझ नहीं सह सकता । मुझे तभी अहसास हो गया कि यह संन्यास लेने का सही समय है । उन्होंने कहा, मैं तुरंत प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह रहा हूं। मैं आईपीएल नौ के साथ घरेलू क्रिकेट से भी विदा लेना चाहता हूं। भारत के लिये 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 मैच खेल चुके 37 बरस के इस तेज गेंदबाज का कैरियर चोटों से बाधित रहा है और टीम में उनके आने और जाने का सिलसिला पिछले तीन चार साल से बना रहा है ।
आईपीएल में उनका करार दिल्ली डेयरडेविल्स से है और वह अगले साल नौवे सत्र के बाद घरेलू क्रिकेट को भी अलविदा कह देंगे । जहीर ने 92 टेस्ट में 311 विकेट लिये हैं और पांच दिनी क्रिकेट में वह अनिल कुंबले (619), कपिल देव (434), हरभजन सिंह (417) के बाद सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं । उन्होंने 200 वनडे में 282 विकेट लिये हैं जबकि टी20 में 17 विकेट उनके नाम हैं । 

चैम्पियन क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी समेत कई मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों ने जहीर खान की तारीफ की है । तेंदुलकर ने ट्विटर पर लिखा , सबसे कूल तेज गेंदबाजों में से एक । वह ऐसा गेंदबाज था जो अधिकांश समय बल्लेबाज के दिमाग को भांप लेता था । हमेशा चुनौती के लिये तैयार रहता था । मुझे यकीन है कि वह अपने जीवन के नये अध्याय की शुरूआत के साथ भविष्य में भी अ'छा करेगा । उसे रिटायर्ड जिंदगी में सफलता के लिये शुभकामना । धोनी ने कहा , बेहतरीन कैरियर के लिये बधाई जहीर । तुम्हारे बिना वह हासिल करना मुश्किल होगा जो भारतीय क्रिकेट टीम ने हासिल किया । सबसे चतुर तेज गेंदबाज । जिंदगी अभी शुरू हुई है। तुम अभी भी भारतीय क्रिकेट को बहुत कुछ दे सकते हो । भविष्य के लिये शुभकामना ।

टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने जहीर को प्रेरणास्रोत बताया । उन्होंने कहा , एक महान तेज गेंदबाज और उससे भी महान इंसान । भविष्य के लिये शुभकामना जहीर भाई । आपने मेरे जैसे कइयों को प्रेरित किया । सुरेश रैना ने लिखा , परफेक्ट जेंटलमैन । बड़ा भाई और एक लीजैंड । नयी पारी के लिये शुभकामना ।
हरभजन ने लिखा , शानदार गेंदबाज और सुपर दिलदार यार । ईश्वर तुम पर कृपा बनाये रखे भाई । लव यू जाकी । पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने कहा , खान साहब यादगार कैरियर के लिये बधाई । मुझे यकीन है कि भविष्य में भी आप भारतीय क्रिकेट को बहुत कुछ दे सकते हैं । मुंबई इंडियंस में जहीर के साथ खिलाड़ी रोहित शर्मा ने कहा कि उन्हें जहीर की गेंदबाजी के हर स्पैल का पूरा मजा आया है । उन्होंने ट्वीट किया , आपकी गेंदबाजी के हर स्पैल का पूरा मजा लिया, स्पैल से भी और टीवी पर भी । महान खिलाड़ी, इंसान और दोस्त । हैप्पी रिटायरमेंट जहीर ।
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने लिखा , जाक यू आर द किंग बड । आपके साथ और खिलाफ खेलने में मजा आया । शानदार कैरियर के लिये बधाई । आप हमेशा मेरे फेवरिट रहे । विश्व कप 2011 की चयन समिति के अध्यक्ष रहे क्रिस श्रीकांत ने कहा कि जहीर टीम के अहम सदस्य थे और भारतीय क्रिकेट को उनका योगदान बेहतरीन रहा । उन्होंने कहा , भारतीय क्रिकेट को उनका योगदान सराहनीय रहा । भविष्य के लिये शुभकामना ।