Showing posts with label serena williams again on top won Australian Open. Show all posts
Showing posts with label serena williams again on top won Australian Open. Show all posts

Saturday, 28 January 2017

सेरेना विलियम्स फिर शिखर पर पहुंची

सेरेना ने वीनस को हराकर रिकार्ड 23वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीता
मेलबर्न: सेरेना विलियम्स ने आज इतिहास रचा जब उन्होंने अपनी बहन वीनस विलियम्स को आस्ट्रेलिया ओपन के महिला एकल फाइनल में हराकर स्टेफी ग्राफ को पीछे छोड़ते हुए रिकार्ड 23वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीता और साथ ही दुनिया की नंबर एक महिला एकल खिलाड़ी भी बन गर्ई। सेरेना ने दबदबा बनाते हुए अपनी सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वियों में से एक वीनस को 6-4, 6-4 से हराकर मेलबर्न पार्क पर सातवां खिताब जीतने के साथ ओपन युग में सर्वाधिक ग्रैंडस्लैम खिताब का रिकार्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने अपना पहला खिताब जीतने के लगभग 18 साल बाद यह उपलब्धि हासिल की।

पैंतीस साल की सेरेना ने स्टेफी के 22 ग्रैंडस्लैम खिताब की बराबरी पिछले साल विंबलडन के दौरान की थी और अब वह मारग्रेट कोर्ट के सर्वकालिक 24 ग्रैंडस्लैम खिताब से सिर्फ एक पीछे हैं। वीनस के खिलाफ सेरेना का फाइनल देने के लिए मारग्रेट भी बाक्स में मौजूद थी। इस खिताब की बदौलत सेरेना एक बार फिर दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी बन गई। एंजेलिक कर्बर ने पिछले साल सितंबर में सेरेना के साढ़े तीन साल तक शीर्ष पर बने रहने के क्रम को तोड़ा था। टेनिस कोर्ट पर सेरेना और वीनस एक दूसरे की बड़ी प्रतिद्वंद्वी रही हैं। मेलबर्न में 19 साल पहले जब सेेरेना ने ग्रैंडस्लैम में पदार्पण किया था जो दूसरे दौर में ही उनकी किशोर बहन वीनस ने उन्हें हरा दिया था। इसके बाद दोनों खिलाडिय़ों ने एक दूसरे के खिलाफ नौ मेजर फाइनल खेले और इस दौरान काफी उतार चढ़ाव भी देखे।