न्यूजीलैंड को भारत ने 3-2 से हराया, दोनों सिंगल्स जीते
क्राइस्टचर्च: सोमदेव देववर्मन और युकी भांबरी ने आज
यहां एशिया ओसियाना ग्रुप एक डेविस कप मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ उलट एकल
मैच जीतकर 3-2 की जीत के साथ भारत को विश्व ग्रुप प्ले आफ में जगह दिलाई। युकी ने
अपने करियर में पहली बार निर्णायक पांचवां मैच जीतकर भारत को जीत का तोहफा दिया।
युकी ने माइकल वीनस को सीधे सेटों में 6-2, 6-2, 6-3 से हराया जबकि इससे पहले सोमदेव ने दिन
के पहले मैच में मार्कस डेनियल को दो घंटे और 18 मिनट में 6-4, 6-4, 6-4 से
हराकर भारत को बराबरी दिलाई थी।
विजयी भारतीय टीम कप्तान व कोच के साथ |
सोमदेव आज सुबह जब कोर्ट पर उतरे तो भारत के लिए यह करो
या मरो का मुकाबला था और देश के नंबर एक एकल खिलाड़ी ने निराश नहीं किया और टीम की
उम्मीदों को बरकरार रखा। अपने करियर में सिर्फ दूसरी बार पांचवें और निर्णायक
मुकाबले में खेल रहे युकी ने इसके बाद वीनस के खिलाफ दबदबा बनाते हुए आसान जीत
दर्ज की। वीनस ने मुकाबले के पहले मैच में सोमदेव को हराकर उलटफेर किया था। दिल्ली
के 23 साल के युकी भारत की जीत के हीरो रहे। उन्होंने अपने दोनों एकल मुकाबले
जीते। पिछले साल सितंबर में बेंगलुरू में वह सर्बिया के फिलिप क्राजिनोविच के
खिलाफ निर्णायक पांचवां मैच हार गए थे।
युकी ने पूरी तरह से वीनस पर दबदबा बनाए रखा और तीसरे
सेट के छठे गेम तक उन्हें एक भी ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं करना पड़ा। युकी
ने पहले दो सेटों में दो-दो बार वीनस की सर्विस तोड़कर 2-0 की बढ़त बनाई। तीसरे
सेट में वीनस ने थोड़ी टक्कर दी जब युकी के खिलाफ छठे गेम में उन्हें ब्रेक
प्वाइंट मिला लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने उन्हें सफल नहीं होने दिया। युकी ने आठवें
गेम में भी दो ब्रेक प्वाइंट बचाए और फिर अपनी सर्विस पर तीसरे मैच प्वाइंट पर
मुकाबला जीतकर भारत को विजय दिला दी। भारत अब विश्व ग्रुप में जगह बनाने की कोशिश
करेगा जब सितंबर में वह प्ले आफ में हिस्सा लेगा। इससे पहले सोमदेव ने भारत को अ'छी शुरूआत
दिलाई। डेनियल को जोस स्टैथम की जगह मौका दिया गया जो सर्दी और बुखार से परेशान
हैं। मेजबान देश का यह खिलाड़ी हालांकि अपनी टीम को निर्णायक बढ़त नहीं दिला पाया।
सोमदेव ने आज शानदार शुरूआत करते हुए पहले सेट के पहले
ही गेम में डेनियल की सर्विस तोड़ दी। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद इस बढ़त को
बरकरार रखा और 10वें गेम में अपनी सर्विस पर पहला सेट जीत लिया। इस बीच सोमदेव ने
छठे गेम में ब्रेक प्वाइंट भी बचाया।
डेनियल ने दूसरे सेट के तीसरे गेम में दो ब्रेक प्वाइंट बचाए। आठवें गेम तक
दोनों खिलाड़ी अपनी सर्विस बचाने में सफल रहे। सोमदेव ने नौवें गेम में डेनियल की
सर्विस तोड़कर 5-4 की बढ़त बनाई और फिर अपनी सर्विस बचाते हुए सेट जीतकर 2-0 से
आगे हो गए।
तीसरे सेट की शुरूआत में भी सोमदेव को दो ब्रेक प्वाइंट
मिले लेकिन डेनियल ने दोनों बचा लिए। पांचवें गेम में सोमदेव को एक बार फिर ब्रेक
का मौका मिला और इस बार डेनियल ने डबल फाल्ट करके भारतीय खिलाड़ी को ब्रेक तोहफे
में दे दिया।
सोमदेव ने हालांकि अगले गेम में अपनी सर्विस गंवा दी जिससे
स्कोर 3-3 से बराबर हो गया। इस भारतीय खिलाड़ी ने नौवें गेम में एक बार फिर डेनियल
की सर्विस तोड़ी और फिर अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए सेट और मैच अपने नाम करके
भारत को 2-2 से बराबरी दिला दी।
युकी की जितनी भी तारीफ की जाए कम
सर्बिया के खिलाफ पिछले मुकाबले में निर्णायक पांचवां
मैच गंवाने के बाद युकी भांबरी को काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी और इस युवा टेनिस
खिलाड़ी ने आज न्यूजीलैंड के खिलाफ निर्णायक मैच जीतकर भारत को डेविस कप विश्व
ग्रुप प्ले आफ में जगह दिलाकर इसकी भरपाई की।
इन दोनों मुकाबलों के निर्णायक मैचों में युकी के प्रतिद्वंद्वियों फिलिप
क्राजिनोविच (सितंबर 2014 मे) और माइकल वीनस के स्तर पर बहस की जा सकती है लेकिन
इस तथ्य को नहीं नकारा जा सकता कि निर्णायक मैच में दबाव काफी अधिक होता है और
युकी इससे उबरने में सफल रहे।
भारत ने सर्बिया के खिलाफ मुकाबला 2-2 से बराबर कराया था
जिसके बाद युकी को निर्णायक मैच खेलने का मौका मिला लेकिन वह क्राजिनोविच को नहीं
हरा पाए। युकी की जीत भारत को विश्व ग्रुप में जगह दिला देती। लेकिन आज सब कुछ अलग
था। आज न्यूजीलैंड के खिलाफ युकी भारत की जीत के हीरो रहे। पहले दिन सोमदेव
देववर्मन की हार से जब भारत पर दबाव बन गया था तब युकी ने एकल मुकाबला जीतकर भारत
को बराबरी दिलाई और आज वीनस को हराकर मेहमान टीम की जीत सुनिश्चित की।
इस जीत के बाद सीनियर खिलाडिय़ों रोहन बोपन्ना और सोमेदव
ने 23 साल के युकी की तारीफ की जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में एक
बार भी अपनी सर्विस नहीं गंवाई। सोमदेव ने कहा कि आज
की सबसे महत्वपूर्ण चीज युकी जिस तरह से खेला वह रहा। उसने शुरूआत से ही वीनस को
काफी दबाव में डाल दिया। वीनस को युकी की सर्विस पर काफी मौके नहीं मिले। युकी
शानदार खेला। उसने हमेशा वीनस को रक्षात्मक होकर खेलने को मजबूर किया और खुद पूरे
मैच के दौरान आक्रामक टेनिस खेली। वह अपने विरोधी पर हावी रहा। उन्होंने कहा, हम
दोनों ने शानदार प्रयास किया। हम जिस तरह खेले उस पर मुझे गर्व है। टीम इंडिया के
लिए जीत दर्ज करने की काफी खुशी है। आज दबाव में हम दोनों ने जैसा प्रदर्शन किया
उससे मैं खुश हूं। अनुभवी बोपन्ना ने कहा कि उन्होंने युकी को डेविस कप में कभी इस
तरह का स्तरीय टेनिस खेलते हुए नहीं देखा। बोपन्ना ने ट्वीट किया- इस
लड़के की बड़ी जीत। मैंने युकी को डेविस कप में सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेलते हुए देखा।
शानदार प्रयास।
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा-अपने
देश का प्रतिनिधित्व करना और जीत दर्ज करना सबसे बड़ा अहसास है, विशेषकर
जब आप दबाव में हों। जीत मीठी लगती है।
अपने मैच के बारे में सोमदेव ने कहा कि मार्कस डेनियल के खिलाफ खेलना कड़ी
चुनौती थी। उन्होंने कहा कि यह थोड़ा हैरानी भरा था क्योंकि मुझे डेनियल
का सामना करना था और वह काफी अ'छी सर्विस करता है और नेट पर आता है, आधुनिक
टेनिस में हम ऐसे खिलाडिय़ों से खेलने के आदी नहीं होते। अब नेट पर आकर खेलने वाले
काफी खिलाड़ी नहीं बचे हैं। सोमदेव ने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम कमजोर नहीं है और
भारत की राह हमेशा से मुश्किल थी।
No comments:
Post a Comment