Showing posts with label Kairana. Show all posts
Showing posts with label Kairana. Show all posts

Thursday, 7 June 2018

कैराना के नतीजे के बाद संजीव बालियान का भविष्य ?

नई दिल्लीः  कैराना लोकसभा उपचुनाव में हारने के बाद वेस्ट यूपी में भाजपा में अब यह चर्चा जोर पर है कि जाट मतदाताओं को कैसे हैंडल किया जाए ? साथ ही हाईकमान को यह भी  रिपोर्ट मिली है कि मुजफ्फरनगर सांसद डॉ. संजीव बालियान व उनके समर्थक जाटों को भाजपा से जोड़ने में विफल रहे हैं। सोशल मीडिया पर खबरें वायरल हो रही हैं कि संजीव बालियान को जाटों के गांवों का जिम्मा सौंपा गया था कि वे भाजपा की प्रत्याशी मृगांका सिंह के लिए जाटों के वोट जुगाड़ें। रात दिन संजीव क्षेत्र में रहे लेकिन जाटों ने पहली पसंद अजित सिंह की रालोद को ही बनाया। संजीव बालियान समर्थक अब सोशल मीडिया पर एक सात पेज की सूची (नीचे देखें) प्रचारित कर रहे हैं जिसमें दिखाया गया है कि जाटों के बहुल वाले सुन्ना, भभीसा, एलम, भारसी, लिसाढ़, किवाना, झाल, लिलोन आदि में भाजपा को 2017 के विधानसभा चुनाव से ज्यादा वोट मिले हैं। 






इस लिस्ट को सोशल मीडिया पर तो प्रचारित कर दिया गया लेकिन किसी भी अखबार ने इन्हें छापने से मना कर दिया। मीडिया के साथ संजीव बालियान के संबंध वैसे ही खराब हैं। अब हाईकमान में कोई भी यह मानने के लिए तैयार नहीं है कि यह सात पेज की सूची सही है। इसके मुताबिक जाट बहुल इलाकों में 2017 में भाजपा को 25395 वोट  मिले थे जबकि 2018 के उपचुनाव में 25755  मिले। 


इसके विपरीत दैनिक जागरण में प्रकाशित (ऊपर) एक अन्य खबर के मुताबिक जाट बहुल बूथों पर भाजपा से ज्यादा रालोद को पसंद किया गया। अब संजीव बालियान तुलना भाजपा को मिले मतों से करा रहे हैं जबकि भाजपा इससे परेशान है कि रालोद को उससे ज्यादा वोट मिले। इसके संकेत यह हैं कि रालोद आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, अमरोहा, मथुरा आदि लोकसभा सीटों पर परेशान कर सकती है। 

संजीव बालियान के बारे में ये भी पढ़ें--


जहां तक संजीव बालियान का मामला है तो वे जाटों के नेता बनने के चक्कर में न तो जाटों के नेता बन सके और न दूसरी बिरादरियों के। अगर हालत यही रही तो लोकसभा चुनाव में वे खुद भी हार सकते हैं। सुनने में आ रहा है कि अजित सिंह मुजफ्फनगर से उतरने की तैयारी कर रहे हैं। 






Thursday, 31 May 2018

कैराना उपचुनावः भाजपा की हार के जिम्मेदार ये 3 नेता

नई दिल्ली/शामलीः कैराना लोकसभा सीट पर भाजपा की करारी हार के साथ ही पार्टी में यह मंथन शुरू हो गया है कि इस हार का कारण क्या रहा ? भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष तो है ही साथ ही अपने लोकल बड़े नेताओं के प्रति नाराजगी भी है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि मुजफ्फरनगर के भाजपा सांसद डॉ. संजीव बालियान, यूपी के गन्ना मंत्री सुरेश राणा (जो थानाभवन से विधायक हैं और थानाभवन विधानसभा सीट कैराना लोकसभा सीट का ही हिस्सा है) और सहारनपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता व यूपी सरकार में आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी का इस हार में बड़ा योगदान है। सैनी नकुड़ विधानसभा सीट से विधायक हैं और यह भी कैराना का ही हिस्सा है। वे लगातार तीसरी बार विधायक हैं। बसपा सरकार में भी वे मंत्री थे और उन्होंने 2017 के चुनाव के समय ही भाजपा ज्वाइन की थी। इन तीनों नेताओं पर ही पार्टी ने सबसे ज्यादा भरोसा किया हुआ था और ये भाजपा को अपने बल पर वोट दिलाने में विफल रहे।

कैराना का परिणामः
तबस्सुम बेगम (रालोद) 421145 मत

मृगांका सिंह (भाजपा) 371691 मत

अंतर- 49545

संजीव बालियान- पहले से ही निशाने पर हैं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के, पढिए यह स्टोरी

फिलहाल पार्टी में मंथन का दौर शुरू हो गया है। पहला विचार यही सामने आ रहा है कि न तो संजीव बालियान जाटों के वोट दिलवा सके और न ही दूसरे वर्गों की। थानाभवन में भी भाजपा को सबसे कम वोट मिले और यही हाल नकुड़ में रहा। एक भाजपा नेता ने बताया कि प्रचार के दौरान ही साफ हो गया था कि इन तीनों नेताओं का ही अपने इलाकों पर कोई नियंत्रण नहीं है। 

संजीव ने पार्टी को भरोसा दिलाया था कि वे जाटों को फिर से अजित सिंह की ओर नहीं लौटने देंगे। इसी प्रकार राणा व सैनी ने थानाभवन व नकुड़ विधानसभा क्षेत्रों की गारंटी ली थी लेकिन सब फेल रहे। थानाभवन में तो सुरेश राणा ने किसी बड़े नेता या सीएम योगी की रैली भी नहीं होने दी। राणा ने पार्टी हाईकमान को भरोसा दिलाया था कि वे अपने इलाके से भारी समर्थन भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह को दिलवाएंगे। पर ऐसा नहीं हुआ। सबसे कम वोट भाजपा को थानाभवन से ही मिले हैं। अभी आंकड़े एकत्र किए जा रहे हैं और जैसे ही फाइनल फीगर आ जाएगी आपको विधानसभा वार आंकड़े दिए जाएंगे।




कैराना लोकसभा उपचुनाव

पांचों विधानसभाओं के आंकड़े


शामली
लोकदल 77159
भाजपा 77571
312 से भाजपा आगे रही

थाना भवन
लोकदल 88539
भाजपा 73334
लोकदल 15205 से आगे रही

कैराना
लोकदल 79378
भाजपा 93195
भाजपा 13817 से आगे रही


गंगोह (सहारनपुर)
लोकदल 108411
भाजपा 96141
लोकदल 12370 से आगे रही

नकुड़ (सहारनपुर) 
लोकदल 114341
भाजपा 86224
लोकदल 18117 से आगे रही 

उपरोक्त आंकड़े साफ कर रहे हैं कि थानाभवन व नकुड़ में भाजपा की करारी हार हुई। जबकि कैराना विधानसभा, जहां से तबस्सुम बेगम का बेटा नाहिद हसन सपा विधायक है, में रालोद की करारी हार हुई। यहां गुर्जर समाज ने मृगांका के लिए जमकर वोटिंग किया। शामली विधानसभा में भी भाजपा आगे रही। ऐस में सुरेश राणा व धर्म सिंह सैनी पर गाज भी गिर सकती है। 


Monday, 28 May 2018

Exit Poll- Kairana : कैराना उपचुनाव- कौन जीतेगा जानिए

भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह

रालोद प्रत्याशी तबस्सुम बेगम 
कैराना फाइनल अपडेटः

कुल 54 प्रतिशत मतदान हुआ

चुनाव आयोग को 20 प्रतिशत वीवीपेट मशीनें बदलनी पड़ी


रालोद ने की शिकायत, चुनाव आयोग ने दिया आश्वासन

जयंत चौधरी ने कहा- 170 ईवीएम खराब हुई

एग्जिट पोल अनुमानः 
- लगभग 8.50 से 9 लाख वोट पड़े
- भाजपा को 5 लाख से अधिक वोट मिलने का अनुमान
- रालोद प्रत्याशी को 4.5 लाख के आसपास वोट मिलने का आकलन 







- कांटे की टक्कर में भाजपा को जीत मिलने के आसार। 
- भाजपा का 30-40 हजार वोट से जीतने की संभावना 





Friday, 25 May 2018

योगी की रैली के बाद दलित वोटर के रुख में बदलाव ?


लखनऊः कैराना लोकसभा उपचुनाव में ध्रुवीकरण की हवा चलने लगी है। योगी आदित्यनाथ की वीरवार को शामली में हुई जनसभा ने सारा माहौल बदल दिया है। यहां रालोद की प्रत्याशी तबस्सुम बेगम को सपा, बसपा, कांग्रेस आदि ने समर्थन दिया है और भाजपा की प्रत्याशी मृगांका सिंह कठिन चुनौती का सामना कर रही हैं। वे अपने पिता स्व हुकुम सिंह के निधन से खाली हुई सीट को फिर से हासिल करने के लिए चुनाव लड़ रही हैं। मुस्लिम, दलित बहुल इस सीट पर भाजपा गैर मुुस्लिम वोटों को एकजुट करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में भाजपा के पास ध्रुवीकरण के अलावा कोई चारा नहीं है।
माना जा रहा है कि योगी की रैली में जिस तरह से गन्ना व जिन्ना का जिक्र किया है उससे यह संदेश जा रहा है कि मुस्लिम प्रत्याशी के खिलाफ हिंदू मत भाजपा की ओर मुड़ेंगे। संदेश दिया जा रहा है कि अभी तक खामोश दलित मतदाता 28 मई को भाजपा के लिए ही वोटिंग करेगा। पेश है वेस्ट यूपी के अखबारों में छपी खबरों की एक झलक जिनसे साफ है कि योगी की रैली ने कैराना सीट पर क्या प्रभाव छोड़ा है-


 











Thursday, 24 May 2018

कैराना उपचुनाव: भाजपा के नेताओं का क्षेत्र में ही डेरा

सेक्टरों में ही दिन रात काम कर रहे हैं भगवा ब्रिगेड के पदाधिकारी, संयुक्त विपक्ष ने भी कमर कसी

शामलीः उत्तर प्रदेश में फूलपुर व गोरखपुर उपचुनाव के नतीजों से सहमी भाजपा ने कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वीरवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने शामली क्षेत्र में दो रैलियों को संबोधित किया। इससे पहले वे दो रैलियां सहारनपुर जिले में पडऩे वाली कैराना लोकसभा सीट की दो विधानसभाओं गंगोह व नकुड़ में भी कर चुके हैं। भाजपा वह गलती नहीं दोहराना चाहती जो गोरखपुर व फूलपुर में उससे हुई थी।

भाजपा ने अपनी पूरी संगठनात्मक ताकत कैराना लोकसभा सीट पर केंद्रित कर दी है। लगभग एक दर्जन विधायक आसपास के जिलों से यहां बुला लिए गए हैं और प्रचार में लगाए गए हैं। जो भी सैक्टर प्रभारी बनाए गए हैं उन्हें रात दिन क्षेत्र में रहने के लिए कहा गया है। मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव गर्ग, जिन्हें कैराना लोकसभा का संयोजक बनाया गया है, बताते हैं कि पार्टी अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ रही है। सभी सेक्टर प्रभारियों को 28 मई (मतदान दिवस) तक अपने ही क्षेत्रों में रुकने के लिए कहा गया है। सबकी ठहरने की व्यवस्था कर दी गई है और उन्हें बार-बार मतदाताओं से संपर्क करने के लिए कहा जा रहा है। भाजपा ने यहां से स्व. हुकुम सिंह (जिनके निधन के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है) की बेटी मृगांका सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
हसन परिवार में एकता कराते जयंत चौधरी। कंवर हसन ने दिया तबस्सुम को समर्थन. 

सपा नेता संयुक्त प्रत्याशी का प्रचार करते हुए । 

कैराना क्षेत्र में घर-घर बैठक करते भाजपा नेता। 
कैराना सीट पर पहली बार विपक्ष ने सही मायने में एकता दिखाई है। विपक्ष की संयुक्त प्रत्याशी तबस्सुम बेगम को, जो कैराना सीट से 2009 में बसपा की सांसद रह चुकी हैं, अजित सिंह की रालोद के बैनर पर उतारा गया है। उन्हें सपा, बसपा और कांग्रेस की भी सपोर्ट मिल रही है। रालोद का वेस्ट यूपी में अच्छा प्रभाव है और इसलिए रालोद के पूर्व सांसद जयंत चौधरी लगातार क्षेत्र में ही रहकर सक्रिय प्रचार की कमान संभाले हुए हैं। सपा ने भी अपने कई नेताओं को भेजा है। इनमें प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम प्रमुख हैं। कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक पंकज मलिक व पूर्व सांसद हरेंद्र सिंह मलिक जाटों को लुभा रहे हैं। बसपा ने भी तबस्सुम के समर्थन में अपील की है। वहीं भाजपा ने जाटों को साधने के लिए मुजफ्फरनगर के जाट सांसद संजीव बालियान को लगाया है। उन्हें ताकीद किया गया है कि वे केवल जाटों के गांवों में ही संपर्क करें। उन्हें रैलियां नहीं बल्कि डोर टू डोर कैंपेन के लिए कहा गया है। इसी प्रकार जातीय समीकरणों को देखते हुए सभी को इसी प्रकार दायित्व सौंपे जा रहे हैं। ठाकुर बहुल इलाकों में यूपी के फायरब्रांड नेता व गन्ना मंत्री सुरेश राणा को लगाया गया है। पार्टी प्रभारियों की रिपोर्ट के आधार पर यह भी आकलन करेगी कि किस क्षेत्र में भाजपा को कितने वोट मिले।

हिंदू मुस्लिम समीकरण पर टिकी भाजपा 
संयुक्त प्रत्याशी तबस्सुम बेगम के खिलाफ उनके देवर कंवर हसन ने लोकदल (सुनील) के बैनर पर परचा भर दिया था। भाजपा को उम्मीद थी कि वे अपनी भाभी के मुस्लिम वोट काटेंगे लेकिन उन्होंने भी बेगम को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। ऐसे में भाजपा के सामने केवल हिंदू-मुस्लिम कार्ड ही चारा बचता है। यहां 5 लाख से भी ज्यादा मुस्लिम वोट हैं। जो चुनाव का पासा पलट सकते हैं। दलित वोटर खामोश हैं और भाजपा को यह खामोशी सता रही है। मायावती उपचुनाव लड़ती नहीं हैं और इसलिए प्रचार भी नहीं करती हैं लेकिन अखिलेश यादव का भी बेगम के प्रचार में ना आना कुछ लोगों को खल रहा है। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि अगर अखिलेश ने सभा की तो उसमें सबसे ज्यादा मुस्लिम वोटर ही उमड़ेंगे। ऐसे में भाजपा को मतों का ध्रुवीकरण करने का मौका मिल जाएगा। और अखिलेश यह मौका नहीं देना चाहते हैं। विपक्ष का मानना है कि आंकड़े उसके समर्थन में हैं और सारी मेहनत भाजपा को करनी है।

100 hot deals
वोट प्रतिशत बढ़ाने पर जोर 
भाजपा को यह सीट निकालने के लिए वोट प्रतिशत पर ध्यान देना होगा। अगर 50-55 प्रतिशत से आगे मतदान जाता है तो ही भाजपा को फायदा हो सकता है नहीं तो नतीजा फूलपुर व गोरखपुर जैसा ही होगा। 2014 के चुनाव में स्व. हुकुम सिंह को जितने वोट मिले थे उतने उनके तीनों प्रमुख विपक्षी उम्मीदवारों को मिलाकर भी नहीं मिले थे और वे भारी अंतर से जीते थे। पर उपचुनाव में मतदाता उत्साहित नहीं होता और इससे भाजपा की दिक्कतें बढ़ जाती हैं।


जातिगत आंकड़े :
मुस्लिम 5.2 लाख
दलित 2.8 लाख
जाट 1.3 लाख
गुर्जुर 1.24 लाख
सैनी 1.15 लाख
ठाकुर 60 हजार
ब्राह्मण 65 हजार
वैश्य 65 हजार
अन्य 2 लाख

योगी की कैराना में रैली, पूरी कवरेज- वीडियो सहित

हमारा नारा सबकी सुरक्षा, सबका विकास का है, किसी के तुष्टीकरण का नहीं :योगी 
शामली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि हमारी सरकार का नारा 'सबकी सुरक्षा, सबका विकास' का है लेकिन किसी का तुष्टीकरण करना नहीं है। योगी ने कैराना लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा नारा- सबकी सुरक्षा, सबका विकास है, लेकिन किसी का तुष्टीकरण करना नहीं है। उन्होंने पिछले एक साल में प्रदेश में अपराध में कमी आने का दावा करते हुए कहा कि इससे पहले 10-12 साल में राज्य में अपहरण, गुंडागर्दी, पलायन तथा संगठित अपराध एक उद्योग का रूप धारण कर चुका था। हमने उसकी कमर तोड़कर प्रदेशवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।  उन्होंने मृगांका के पिता और दिवंगत पूर्व सांसद हुकुम सिंह द्वारा समय-समय पर उठाये गये पलायन के मुद्दे का जिक्र किया और कहा कि अब कैराना से गुंडों और अपराधियों का पलायन हो रहा है।


योगी ने कहा, ''अब दोबारा इस क्षेत्र में गुंडागर्दी को सिर नहीं उठाने दिया जाएगा, चाहे कैराना और कांधला के बीच पीएसी का शिविर ही स्थापित क्यों न करना पड़े।" मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार किसानों समेत सभी वर्गों की बेहतरी के लिए काम कर रही है। कैराना में भाजपा प्रत्याशी मृगांका का मुकाबला रालोद प्रत्याशी तबस्सुम हसन से है जो सपा, बसपा, कांग्रेस और रालोद की संयुक्त उम्मीदवार हैं। इस गठजोड़ का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे, विकास विरोधी नेता अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ एक मंच पर आ गये हैं।
योगी के संबोधन का वीडियो यहां देखें---

Friday, 18 May 2018

कंवर हसन बने तबस्सुम के लिए बड़ा खतरा

कैरानाः लोकसभा उपचुनाव में जहां एक और विरासत के लिए हुकुम सिंह व मुनव्वर हसन का परिवार आमने सामने हैं। वहीं हसन परिवार की एकता भी दांव पर लगी है। कैराना के सपा विधायक नाहिद हसन के चाचा यानी संयुक्त प्रत्याशी तबस्सुम बेगम के देवर कंवर हसन ने भी लोकदल (सुनील सिंह) के प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। कंवर हसन ने 2014 में भी चुनाव लड़ा था और उन्होंने बसपा के बैनर पर 160414 वोट पाए थे। सपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ रहे नाहिद हसन की हार में कंवर हसन के इन वोटों का भी बड़ा योगदान था। हुकुम सिंह जीत गए थे। अब फिर वहीं हालात बन रहे हैं। अगर कंवर हसन के वोट बढ़े तो तबस्सुम के लिए जीत कठिन होगी। भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह हिंदू व पिछडी़ जाति के अलावा दलित वोटों में भी सेंध लगा सकती हैं। तबस्सुम को केवल 5 लाख मुस्लिम मतों पर ही भरोसा है। अगर कंवर हसन ने कुछ वोट काट दिए तो तबस्सुम दिक्कत में पड़ सकती हैं। नामांकन की प्रक्रिया की एक दिन पहले नाहिद हसन ने चाचा कंवर हसन से गुजारिश की थी कि वे मैदान से हट जाएं। अगर उन्होंने ऐसा किया तो वे (नाहिद) विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे और उन्हें (कंवर हसन) विधानसभा चुनाव लड़वाने में सहयोग करेंगे। पर कंवर हसन नहीं माने (पढें संलग्न अमर उजाला अखबार की न्यूज) । कंवर हसन के मैदान में आने से भाजपा ने राहत की सांस ली है। कंवर हसन का कहना है कि जिस अजित सिंह के बैनर पर तबस्सुम बेगम चुनाव लड़ रही हैं। उसी के लोगों (जाटों ने) ने मुजफ्फरनगर दंगों के समय मुसलमानों की हत्याएं की थी। और वे उसी बैनर से चुनाव लड़ रही हैं ? अगर चुनाव के आगे बढ़ने तक कंवर हसन ने जोरदार प्रचार किया तो भाजपा की राह आसान हो सकती है।
देवर कंवर हसन से है तबस्सुम को खतरा। 



Saturday, 12 May 2018

Kairana ByPoll 2018 : घर का भेदी लंका ढाए, तबस्सुम परेशानी में

शामलीः कैराना लोकसभा के उपचुनाव में एक बार फिर हसन परिवार की घरेलू लड़ाई खुलकर सामने आ गई है। विपक्ष की इकलौती उम्मीदवार पूर्व सांसद तबस्सुम बेगम को परेशान करने के लिए उनके देवर कंवर हसन ने लोकदल (सुनील सिंह वाली) प्रत्याशी के रूप में दावा ठोक दिया है।

कंवर हसन के अलावा मुनव्वर के दूसरे भाई अनवर हसन (2012 में) और अरशद हसन (2007 में) भी विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब कंवर हसन आ गए हैं। कंवर हसन अब तक हसन परिवार का स्टील फैक्ट्री का कारोबार ही संभालते रहे हैं। पूर्व सांसद मुनव्वर हसन जब तक जिंदा थे तब तक पूरा हसन परिवार उनके कहे अनुसार चलता था लेकिन उनकी 2008 में असामयिक हादसे में मौत के बाद सारा परिवार बिखर गया। बाद में मुनव्वर हसन के पिता पूर्व सांसद अख्तर हसन भी वृद्धावस्था के चलते चल बसे। इस तरह हसन परिवार को जोड़कर रखने वाला कोई नहीं रहा। मायावती ने मुनव्वर की बेवा तबस्सुम को 2009 में लोकसभा का टिकट दे दिया और वे दिग्गज भाजपा नेता स्व. हुकुम सिंह (जो पहली बार लोकसभा चुनाव लडे थे) को हराकर सांसद बन गई। इसी के बाद से हसन परिवार में दो धड़े हो गए। मुनव्वर की पत्नी व बेटा नाहिद एक तरफ और उनके दूसरे भाई एक तरफ।
मृगांका पर बाबू हुकुम सिंह की विरासत बचाने का दबाव है। 
तबस्सुम ने पांच साल तक सांसद रहने के बाद अपनी राजनीतिक विरासत बेटे नाहिद हसन को सौंपने का फैसला किया। नाहिद उस समय आस्ट्रेलिया में पढ़ रहे थे और बहुत छोटे थे। नाहिद वापस लौटे और उन्होंने मां की बात मानकर कैराना सीट से ही सपा के टिकट पर 2014 का लोकसभा चुनाव लडा। मोदी लहर में हुकुम सिंह ने बड़ी जीत हासिल की। उन्हें 565909 वोट मिले और नाहिद को 329081 वोट मिले। नाहिद को जीत नहीं मिली लेकिन राजनीति की एबीसी सीख गए।

हुकुम सिंह के सांसद बन जाने के बाद कैराना विधानसभा सीट का अक्टूबर 2014 में उपचुनाव हुआ और इसमें नाहिद हसन हुकुम सिंह के भतीजे अनिल चौहान को हराकर विधायक बन गए। इससे मुनव्वर हसन के दूसरे भाइयों में बेचैनी बढ़ी और उन्होंने राजनीति में सक्रियता बढ़ाने का फैसला किया। परिवारों में आपसी झगड़े होते ही रहते हैं और इस परिवार में भी थे। इससे पहले 2012 में मुनव्वर के एक और भाई अनवर हसन (60750) ने भी बसपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था और हुकुम सिंह (80293) से लगभग 20 हजार मतों से हारे थे। नाहिद उस समय विदेश में थे। मुनव्वर के भाइयों को लगा कि वे राजनीति में आगे आ सकते हैं। शायद यही वजह है कि अब कंवर हसन भी राजनीति में आए हैं।

कैराना लोकसभा उपचुनाव 2018 में भाजपा की प्रत्याशी स्व. हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह की जीत मुश्किल लग रही है। सारा विपक्ष एक हो गया है और पूर्व बसपा सांसद तबस्सुम को सपा, रालोद व कांग्रेस आदि का समर्थन मिल रहा है। ऐसे में उनकी जीत साफ नजर आ रही थी लेकिन एक और मुस्लिम प्रत्याशी मैदान में आता है तो खेल बिगड़ सकता है। लगभग 5 लाख मुस्लिम वोटरों वाले इस लोकसभा क्षेत्र में दो मुस्लिम प्रत्याशी तो होते ही थे। इससे भाजपा को भी राहत मिलेगी। सुनील सिंह की लोकदल की इस क्षेत्र में ज्यादा पहचान नहीं है लेकिन फिर भी ‘मनीगेम’ में वह हलचल कर सकते हैं। सुनील सिंह राजनीतिक परिवार से आते हैं और लखनऊ में उनके कई बड़े शैक्षणिक संस्थान हैं। कहा तो यह भी जा रहा है कि भाजपा ने कंवर हसन को अंदरूनी तौर पर सपोर्ट करने का फैसला किया है लेकिन ये सब राजनीति की बाते हैं।


 पिछले विधानसभा चुनाव में जब नाहिद हसन (98830) ने मृगांका (77668) को हराया था तो हुकुम सिंह के भतीजे अनिल (19992) ने रालोद के टिकट पर लड़कर ‘घर का भेदी लंका ढाए’ की भूमिका निभाई थी। अब यही काम कंवर हसन कर सकते हैं। वे जितने भी वोट काटेंगे सभी तबस्सुम के खाते से जाएंगे। देखते हैं 28 मई को चुनाव है और 31 को नतीजा आएगा। तब सब साफ हो जाएगा।

(for advt. mail newswave.in@gmail.com )

Thursday, 10 May 2018

Kairana Bypoll : मृगांका व तबस्सुम ने भरे परचे

शामलीः कैराना में लोकसभा उपचुनाव के लिये भाजपा उम्मीदवार मृगांका सिंह ने वीरवार को अपना नामांकन भरा। मृगांका के पिता हुकुम सिंह के निधन के कारण यह सीट खाली हुयी है । नामांकन भरने की आज आखिरी तारीख थी। 28 मई को यहां चुनाव होने वाला हैं। विपक्ष को उम्मीद है कि इस उपचुनाव में भी हालिया गोरखपुर और फूलपुर उपचुनाव की जीत दोहरायी जाएगी  जिसमें सत्तारूढ़ भाजपा को जबरदस्त हार मिली थी।  राष्ट्रीय लोकदल की उम्मीदवार तबस्सुम बेगम ने कल अपना नामांकन भरा। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी उनका समर्थन कर रही है। कांग्रेस ने भी कैराना में साझा उम्मीदवार के समर्थन के संकेत दिये हैं।




Tuesday, 8 May 2018

Kairana Bypoll : भाजपा ने मृगांका पर ही खेला दांव

नई दिल्लीः यूपी की प्रतिष्ठित कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए भाजपा ने मृगांका सिंह को ही अपनी प्रत्याशी बनाया है। हुकुम सिंह के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है और मृगांका उनकी बेटी हैं। मृगांका ने 2014 में कैराना विधानसभा सीट से भी किस्मत आजमाई थी लेकिन सपा के नाहिद हसन से हार गई थी। उस समय हुकुम सिंह जीवित थे और उन्होंने अपने जीते जी बेटी को राजनीति में स्थापित करने की कोशिश की थी लेकिन उनका सपना पूरा नहीं हो सका। उनके भतीजे अनिल ने रालोद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था और इतनी वोट काट दी थी कि मृगांका चुनाव हार सकें। वही हुआ था। हुकुम सिंह की तीन बेटियां हैं, दो विदेश में रहती हैं और मृगांका गाजियाबाद में। मृगांका सिंह स्कूल चलाती हैं और हुकुम सिंह की विरासत की कमान कायदे से उन्हीं के हाथ में है। मृगांका का मुकाबला सपा, बसपा व रालोद की संयुक्त प्रत्याशी बेगम तबस्सुम हसन से हो रहा है जो कैराना से 2009 में सांसद रह चुकी हैं। ये मुकाबला इस समय देश में कर्नाटक विस चुनाव के बाद सबसे बड़ी राजनीतिक लड़ाई बन गया है। योगी सरकार इसे हर हालत में जीतना चाहेगी क्योंकि 2019 के आम चुनाव से पहले यह भाजपा के लिए बहुत ही अहम मुकाबला है। योगी भी गोरखपुर व फूलपुर की हार का हिसाब चुकाना चाहेंगे। 

Saturday, 28 April 2018

कैराना लोकसभा उपचुनाव- मृगांका ही संभालेंगी हुकुम सिंह की विरासत, 10 प्रमुख चुनौतियां

नई दिल्लीः कैराना लोकसभा चुनाव के लिए तारीख का ऐलान हो चुका है। 28 मई को मतदान होगा और 31 को नतीजा आएगा। वेस्ट यूपी के शामली और सहारनपुर की पांच विधानसभाओं को मिलाकर बनने वाली यह लोकसभा सीट भाजपा के वरिष्ठ गुर्जर नेता बाबू हुकुम सिंह का फरवरी में निधन में हो जाने के कारण खाली हुई है। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले यह यूपी में भाजपा के लिए नेट प्रैक्टिस का मौका है। फूलपुर व गोरखपुर की लोकसभा सीटों को समाजवादी पार्टी से हार जाने के बाद से ही भाजपा और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर भारी दबाव है कैराना में अपना दम दिखाने का। हालांकि अभी किसी भी पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है लेकिन यह तय माना जा रहा है कि भाजपा यहां से हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह को ही उतारेगी। और यह भी तय है कि अगर मृगांका को टिकट नहीं मिला तो भाजपा के लिए यहां इज्जत बचाना संभव नहीं होगा। आइये जानते हैं भाजपा के सामने इस सीट को कड़ी चुनौती बनाने वाले 10 खास समीकरण–


1. जातीय आंकड़ा- इस सीट पर जातीय समीकरण बहुत ही कठिन हैं। ये कतई भी भाजपा के पक्ष में नहीं जाते। इस सीट पर हिंदु गुर्जर, मुस्लिम गुर्जर, दलित व ओबीसी मतों को बड़ा पेचिदा सा आंकड़ा है। यहां 5 लाख के करीब मुस्लिम वोटर हैं और तीन लाख के करीब दलित वोटर। आप समझ सकते हैं कि भाजपा के लिए कितना मुश्कि है। यही वजह है कि कैराना लोकसभा सीट के इतिहास में भाजपा केवल दो बार ही यह सीट जीत पाई है। एक बार 1998 (वीरेंद्र वर्मा) और दूसरी बार 2014 (हुकुम सिंह) में।
(for advt. - newswave.in@gmail.com ) 

2. विपक्ष की एकता- यह तो तय है कि यहां भी विपक्षी एकता का बड़ा अहम रोल रहेगा परिणाम में। अगर यहां भाजपा की सीधी टक्कर किसी एक दमदार प्रत्याशी से होती है तो उसे जीतने के लिए एडी चोटी का जोर लगाना होगा। अगर मुकाबला तिकोना हुआ तो भाजपा के चांस बन सकते हैं। सपा-बसपा के तो एक साथ जाने के पूरे चांस हैं लेकिन कांग्रेस व रालोद का भी उन्हें साथ मिलेगा या नहीं यह बड़ा सवाल है। कांग्रेस ने सपा-बसपा का साथ फूलपुर व गोरखपुर में भी नहीं दिया था।

3. मुस्लिम वोटर निर्णायक- कैराना लोकसभा सीट में शामली जिले की थानाभवन, कैराना व शामली और सहारनपुर जिले की नकुड़ व गंगोह विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें से शामली को छोड़कर सभी पर मुस्लिम वोटर बड़ी संख्या में हैं। यहां से 6 बार मुस्लिम सांसद चुने जा चुके हैं। हुकुम सिंह से पहले बसपा से तबस्सुम बेगम सांसद थीं। वे अपने पति मुनव्वर हसन (सपा सांसद) की मौत के बाद सहानुभूति लहर में सांसद बनी थीं 2009 में। गंगोह व नकुड़ सीटों पर भी मुस्लिम वोटरों का बोलबाला है।
(for advt. - newswave.in@gmail.com ) 
4. दलित वोटरों के तेवर - 2014 के चुनाव के समय कैराना सीट पर दलित वोटरों ने खुलकर भाजपा के लिए मतदान किया था। मुजफ्फरनगर दंगे के बाद बने माहौल में दलित वोटरों ने खुद सवर्ण-ओबीसी वोटरों के साथ मिलकर सपा व बसपा के खिलाफ मतदान किया था। इसलिए सपा के प्रत्याशी नाहिद हसन (अब कैराना विधायक) क 329081 वोट मिले थे और बसपा प्रत्याशी कंवर हसन (नाहिद के चाचा) को 160414 ही वोट मिले थे। दोनों मिलाकर भी हुकुम सिंह (565909) के बराबर नहीं पहुंच पाए थे। साफ था मतों का ध्रुवीकरण भाजपा के समर्थन में था। दलित वोटरों का मूड 2 अप्रैल को हुए भारत बंद के मामले से बिगड़ा हुआ है। पुलिस ने जिस तरह से दलित युवकों को पकड़ पकड़कर अंदर किया या पिटाई की उसके बाद से रविदासी समाज में भारी आक्रोश है भाजपा के खिलाफ।

5. जाट मतदाता अनिश्चित- इस लोकसभा सीट पर लगभग सवा लाख जाट वोटर भी हैं। ये ज्यादातर शामली, कैराना व थानाभवन विधानसभा क्षेत्रों में हैं। वैसे जाट मतदाता अजित सिंह के साथ जुड़े रहे हैं लेकिन मुजफ्फरनगर दंगे के समय से जाट वोटर भी अजित सिंह से छिटक गए और इन्होंने भारी संख्या में भाजपा को वोट किया था। यही वजह थी कि रालोद के कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना को 42706 वोट ही मिल पाए थे। यदि रालोद भी विपक्ष के महागठबंधन का हिस्सा बनता है तो जाट वोटर भाजपा से अलग हो सकते हैं।

6. अन्य जातियों का रुझान- कैराना लोकसभा सीट पर 1.25 लाख गुर्जर, 1.2 लाख कश्यप, 1.10 लाख सैनी. 50 हजार ब्राह्मण, 55 हजार ठाकुर, 55 हजार वैश्य मतदाता भी हैं। इसके अलावा लगभग 2 लाख वोटर अन्य जातियों के हैं। ये सब बिरादरियां अगर भाजपा के साथ जाती हैं तो उसे फायदा होगा। लेकिन यदि मुकाबले में केवल एक ही मुस्लिम प्रत्याशी हो तो भाजपा के लिए यह सीट टेढ़ी खीर बन जाती है।

7. सहारनपुर का मसूद फैक्टर- सहारनपुर के बाहुबली नेता इमरान मसूद भी इस सीट को लेकर बहुत बड़ा फैक्टर न रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद सहारनपुर की राजनीति में बड़ा नाम हैं। 2014 के चुनाव से पहले मोदी के बारे में दिया गया उनका बयान सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आया था और वे विवादों में हमेशा ही घिरे रहते हैं। इसके बावजूद कांग्रेस ने वेस्ट की राजनीति में उन्हें बड़ा मुस्लिम नाम मानते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया था। इमरान नकुड़ व गंगोह विस सीटों पर मुस्लिम वोटर का मूड सेट कर सकते हैं। बताया जाता है कि वे पार्टी हाईकमान को अपने इरादे बता चुके हैं और उनकी राय में कांग्रेस को सपा व बसपा प्रत्याशी को समर्थन नहीं देना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के सामने राय रखी है कि अगर वे चौधरी अजित सिंह या उनके बेटे जयंत चौधरी को समर्थन देकर लड़ाएं तो यह सीट जीती जा सकती है। मुस्लिम व जाट मतों का एक साथ आना हमेशा से राष्ट्रीय लोकदल के फायदे में रहा है।

8. विपक्ष का प्रत्याशी कौन- इस सीट पर यह बड़ा सवाल है। भाजपा के खिलाफ सपा व बसपा एक तो हो सकते हैं लेकिन यहां प्रत्याशियों का घोर अभाव है। कोई दमदार नाम नहीं नजर आता। सपा पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह गुर्जर को उतारकर मुस्लिम-गुर्जर मतों को जुटा सकती है लेकिन बाकी जातियों के भी वोट उन्हें मिलेंगे या नहीं यह नहीं कहा जा सकता। कैराना से हमेशा ही हुकुम सिंह को टक्कर देने वाला हसन परिवार भी चुनावी अखाड़े में सदैव उतरता रहता है लेकिन वहां से भी कोई मजबूत नाम नहीं नजर आ रहा है। नाहिद हसन विधायक बन चुके हैं। उनकी मां व पूर्व सांसद तबस्सुम हसन ने विरासत बेटे को सौंप दी है। पहले भी चुनाव लड़ चुके नाहिद के चाचा कंवर व अरशद हसन का राजनीतिक वजूद कुछ नहीं है। इसके अलावा थानाभवन से चुनाव लड़ चुके डॉ. सुधीर पंवार का नाम भी सुनने में आ रहा है। इसके अलावा कुछ माह पहले सपा छोड़कर रालोद में गए अमीर आलम खां के नाम की भी चर्चा है। आलम 1999 में रालोद के टिकट पर यहां से सांसद भी रह चुके हैं। उनका गांव गढ़ीपुख्ता भी इसी लोकसभा सीट का हिस्सा है। बहरहाल आलम चूंकि रालोद में हैं उनकी स्थिति साफ नहीं है। अगर अजित सिंह किसी भी तरह सपा व बसपा से मिलकर आलम या उनके बेटे नवाजिश आलम (बुढ़ाना के पूर्व सपा विधायक) के नाम पर सहमति बना लें तो सीट निकाली जा सकती है। कुल मिलाकर अगर भाजपा यहां फिर से जीतती है तो इसमें सबसे बड़ा रोल विपक्ष के प्रत्याशी को चयन का होगा।

9. भाजपा के चांस- भाजपा लगातार दूसरी बार यह सीट जीतने की कोशिश करेगी और उसके पक्ष में सबसे बड़ी बात यही है कि उनके पास बाबू हुकुम सिंह के निधन की सहानुभूति लहर होगी। कैराना में पहले भी तबस्सुम बेगम (मुनव्वर हसन की बेवा) को सहानुभूति लहर में एक महिला प्रत्याशी को जीत मिल चुकी है। वैसे सुनने में आया है कि कैराना से 2004 में सांसद रह चुकी अनुराधा चौधरी के नाम पर भी कुछ भाजपाई दांव लगा रहे हैं लेकिन फिलहाल पार्टी में संदेश यही है कि अगर यह सीट जीती जा सकती है तो केवल हुकुम सिहं की बेटी मृगांका सिंह के नाम पर ही जीती जा सकती है। इस पर मोदी, अमित शाह व राजनाथ सिंह आदि नेता भी सहमत बताए जाते हैं।

10. खामोश मतदाता- ऐसा नहीं है कि यदि बसपा व सपा मिलकर चुनाव लड़ते हैं तो यह सीट हलुवा होगी। माना कि मुस्लिम व दलित वोटर एक जगह हो जाएंगे तो संयुक्त प्रत्याशी को जीत मिल ही जाएगी। ओबीसी व सवर्ण जातियों के वोट भी मिलकर एक बड़ा समीकरण बन जाते हैं। ये चाहें तो किसी भी चुनाव को रुख मोड़ सकते हैं लेकिन यहां सबसे बड़ा फैक्टर मतदान प्रतिशत का रहेगा। अगर यहां मतदान प्रतिशत 60 प्रतिशत से ऊपर जाता है तो भाजपा का पलड़ा भारी रहेगा। भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती मई की तपती दुपहरी में अपने वोटर को मतदान केंद्र तक पहुंचाना होगा। अगर वह यह कर पाने में सफल रहती है तो उसकी जीत तय है। फूलपुर व गोरखपुर में मतदान प्रतिशत कम रहने की वजह से ही भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा था।

Wednesday, 21 March 2018

कैराना उपचुनाव : बसपा उतारेगी प्रत्याशी, सपा करेंगी समर्थन- किसे मिलेगा टिकट ?


लखनऊ/शामली: अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले सपा व बसपा की दोस्ती का एक एसिड टेस्ट कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव में होने जा रहा है। खबर है कि फूलपुर व गोरखपुर लोकसभा सीटों के उपचुनाव में भाजपा को हराने के बाद सपा-बसपा का अघोषित गठबंधन कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव में हाथ आजमाएगा, लेकिन इस बार मैदान में प्रत्याशी बसपा के बैनर पर उतारा जाएगा। 

फूलपुर व गोरखपुर सीटें सपा के खाते में गई थी। सपा राज्यसभा चुनाव में भी बसपा प्रत्याशी अंबेडकर का समर्थन कर रही है। फरवरी में वेस्ट यूपी के दिग्गज भाजपा नेता बाबू हुकुम सिंह के निधन के बाद कैराना लोकसभा सीट खाली हो गई थी। अब 2019 के आम चुनाव से पहले यूपी में कैराना ही एकमात्र लोकसभा सीट है जहां पर उपचुनाव होने जा रहा है। 

हालांकि बसपा कभी उपचुनाव नहीं लड़ती है लेकिन सुनने में आया है कि मायावती ने अखिलेश यादव की परीक्षा लेने के लिए कैराना से अपना प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है। यहां ये भी जान लेना जरूरी है कि हुकुम सिंह से पहले कैराना (शामली जिला) से सांसद बसपा की तबस्सुम बेगम ही थी। बेगम ने खुद को सक्रिय राजनीति से दूर करते हुए बेटे नाहिद हसन को कमान सौंप दी है। नाहिद सपा के बैनर पर कैराना से दो बार लगातार विधायक बन चुके हैं।

विधानसभा चुनाव के बाद की तस्वीर-कैराना लोकसभा सीट में शामली जिले की थानाभवन, कैराना व शामली विधानसभा सीटों के अलावा निकटवर्ती सहारनपुर जिले के गंगोह व नकुड़ विधानसभा सीटें भी आती हैं। यहां कैराना को छोड़कर बाकी पर भाजपा के विधायक हैं। अगर वोटों का समीकरण देखें तो इन सीटों पर भाजपा को 2017 में 4.33 लाख वोट मिले थे। बसपा प्रत्याशियों को 2.08 लाख व सपा के 3 प्रत्याशियों को 1.6 लाख वोट मिले थे। सपा ने शामली व नकुड़ सीटें कांग्रेस को दे दी थी। अब बसपा दम भर रही है कि सपा के समर्थन से वह सीट निकाल सकती है।

लोकसभा चुनाव के नतीजे-
आंकड़ों में थोड़ा और पीछे जाएं तो 2014 के लोकसभा चुनाव में कैराना सीट पर हुकुम सिंह ने 56590 लाख वोट हासिल किए थे। दूसरे स्थान पर सपा के नाहिद हसन (329081), तीसरे पर बसपा के कंवर हसन (160414) व चौथे स्थान पर रालोद के करतार सिंह भड़ाना (42706) रहे थे। हालांकि हुकुम सिंह को हराने के लिए अजित सिंह ने गुर्जर प्रत्याशी को मैदान में उतारा था लेकिन वे ज्यादा वोट नहीं काट सके और मुस्लिम मतों में विभाजन का फायदा उठाकर हुकुम सिंह बाजी मार गए थे। 

अब क्या बनेगा गणित-
कैराना लोकसभा सीट पर जातीय समीकरणों की बात करें तो यहां मुस्लिम, गुर्जर, दलित व जाट मतों का बोलबाला है। हुकुम सिंह के लोकसभा में चले जाने के बाद जब कैराना विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ तो नाहिद हसन सपा से विधायक चुन लिए गए थे। उन्होंने हुकुम सिंह के भतीजे अनिल चौहान को हराया था। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में नाहिद ने हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह को हराया था। फिलहाल बसपा में मंथन इस बात को लेकर चल रहा है कि टिकट किसे दिया जाए? कंवर हसन का विरोध उनके भतीजे नाहिद हसन (कैराना से वर्तमान सपा विधायक) ही करेंगे। चूंकि नाहिद अब सपा में जा चुके हैं तो उनकी मां तबस्सुम बेगम (कैराना की पूर्व सांसद व मरहूम सांसद मुनव्वर हसन की बेवा) को बसपा टिकट दे नहीं सकती। ऐसे में बसपा किसी नए नाम पर दांव खेल सकती हैं।

Friday, 12 January 2018

हुकुम सिंह की वजह से आलम शामिल हुए हैं रालोद में !

मुजफ्फरनगर/शामलीः जिले की राजनीति में एक चतुर चालाक राजनीतिज्ञ के रूप में अपनी छवि रखने वाले पूर्व सांसद अमीर आलम खां व उनके बेटे पूर्व विधायक नवाजिश आलम खां ने अब रालोद का दामन थाम लिया है। दल बदलने में माहिर आलम का इरादा सब लोग भांप गए हैं। अब वे 2019 में कैराना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। वे खुद चुनाव लड़ेंगे या बेटे को लडवाएंगे यह तो आने वाला समय बताएगा लेकिन यह सही है कि इसके अलावा रालोद में आने की उनके पास कोई दूसरी वजह नहीं है। सपा व बसपा में उनके लिए दरवाजे बंद हो चुके हैं।

दरअसल कैराना लोकसभा सीट से वर्तमान भाजपा सांसद हुकुम सिंह की यह राजनीति में आखिरी पारी है। वे 75 साल की आयु पार कर चुके हैं और पहले ही कह चुके हैं कि अब सक्रिय राजनीति से दूर जा रहे हैं। यही वजह है कि उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में बेटी मृगांका सिंह को टिकट दिलवाया था और अपनी विरासत बेटी को सौंपने की कोशिश की, लेकिन वह जीत नहीं सकी और सपा प्रत्याशी नाहिद हसन (पूर्व सांसद मरहूम मुनव्वर हसन के बेटे) से हार गई। नाहिद अब सपा के विधायक हैं और बहुत कम उम्मीद है कि 2019 में वे लोकसभा चुनाव लड़ें। ऐसे में आलम को कैराना सीट सेफ नजर आ रही है। यहां जाट व मुस्लिम समीकरण की वजह से वे 1999 में भी रालोद के टिकट पर सांसद चुने गए थे। आलम तीन बार थानाभवन सीट से विधायक भी रहे हैं और ज्यादातर जीत उन्हें रालोद के टिकट पर ही मिली हैं।


आलम के साथ पिछले लोकसभा चुनाव से पहले सांप्रदायिक होने का टैग जुड़ गया था। 2013 में हुए मुजफ्फरनगर दंगे में उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे हैं। 2012 में उनके बेटे नवाजिश आलम बुढ़ाना से सपा विधायक बने थे लेकिन पांच साल पूरे होने से पहले ही उन्होंने बसपा में जुगाड़ भिड़ाना शुरू कर दिया था। बाद में नवाजिश ने मीरापुर से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और हार गए थे। अब ऐसे में बाप बेटा न सपा के रहे न बसपा के। अब उनके सामने रालोद में ही जाने का चारा बचा था। देखना यह है कि बसपा, भाजपा व सपा कैसे उनकी कैराना में किलेबंदी करते हैं।

अमीर आलम का राजनीतिक सफर - 1985 में लोकदल के टिकट पर थानाभवन से विधायक
- 1989 में जनता दल से मोरना क्षेत्र से विधायक
- 1991 में मुलायम सिंह यादव की सरकार में परिवहन राज्य मंत्री बने
- 1996 में सपा के टिकट पर थानाभवन से विधायक बने
- 1999 में रालोद प्रत्याशी के रूप में कैराना से सांसद बने
- 2006 में सपा की ओर से राज्य सभा सदस्य बनाए गए