Wednesday 5 October 2016

संजीव बालियान से जुड़ा एक और विवाद

भाजपा सांसद के करीबी विधायक ने लगवाए विवादित होर्डिंग 
मुजफ्फरनगर:  मुजफ्फरनगर सांसद व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान फिर विवाद में फंस गए हैं। उनके खास मुजफ्फरनगर सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने सेना की सर्जिकल स्ट्राइक को बधाई देने के होर्डिंग लगवा दिए हैं और उन पर अपने साथ संजीव बालियान के भी फोटो लगवाएं हैं। इस मामले को विपक्षी दलों ने तूल दे दी है। इससे पहले भी कपिल देव व संजीव बालियान विवादों में फंसते रहे हैं। विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं कि देश की सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे को लेकर भाजपा क्यों राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रही है।  इन भाजपा नेताओं की तस्वीर वाले इन होर्डिंग्स में सेना को बधाई दी गई है।

भारतीय सेना ने पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकी शिविरों को नेस्तनाबूद कर दिया था। इसका सियासी लाभ लेने के लिए भाजपा नेता व केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान तथा सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल की तस्वीर वाले होर्डिंग्स शहर में लगाए गए हैं। रुड़की रोड पर बड़ी संख्या में इस तरह के होर्डिंग लगाए गए हैं। भाजपा विधायक सदर कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि भारतीय सेना ने आतंकियों के विरुद्ध कार्रवाई की है, देश का सच्चा नागरिक होने के नाते हमने सेना को बधाई दी है। इसका राजनीतिक मकसद कतई नहीं है। कांग्रेस नेता व पालिकाध्यक्ष पंकज अग्रवाल नेकहा कि सरकार के समय में भी सेना ने कई बार सर्जिकल स्ट्राइक किया, लेकिन उसका राजनीतिकरण नहीं किया गया। यह कार्रवाई सेना ने की है, लिहाजा किसी भी दल को यह हक नहीं कि वह होर्डिंगबाजी करे। 

No comments:

Post a Comment