Tuesday 5 September 2017

पार्टी संगठन भी साथ नहीं संजीव बालियान के ?

मुजफ्फरनगरः संजीव बालियान अब केंद्रीय मंत्री नहीं रहे। जिले में उनके बारे में मोदी द्वारा लिए गए इस फैसले को लेकर अलग-अलग तरीके से देखा जा रहा है। कोई कह रहा है कि सही हुआ तो कोई कह रहा है गलत हुआ लेकिन कुल मिलाकर जिले के लिए यह क्षति है। खास बात यह है कि जिला भाजपा संगठन में भी अंदरखाने इस बात को लेकर खुशी मनाने वालों की कमी नहीं है। संगठन का कोई भी पदाधिकारी संजीव के समर्थन में बोलने के लिए तैयार नहीं है।

संगठन के कई पदाधिकारी उन्हें लेकर खुद को असहज महसूस कर रहे थे। कुछ लोगों का कहना था कि संजीव का व्यवहार उनके साथ सम्मानजनक नहीं रहा। जब पूरा संगठन पिछले विधानसभा चुनाव के समय कपिल देव अग्रवाल को टिकट दिए जाने का विरोध कर रहा था तो संजीव ने उनका समर्थन कर टिकट दिलवाया था। इसके अलावा बिजनौर जिले के एक भाजपा विधायक के साथ उन्होंने हाल ही में बहुत ही गलत तरीके से व्यवहार किया। इसकी शिकायत भी हाईकमान तक पहुंची थी।

संजीव व उनके साथ रहने वाले समर्थकों ने कई मौकों पर जिला संगठन के पदाधिकारियों की अनदेखी की। अगर किसी ने मिलने का प्रयास किया तो उसे मिलने नहीं दिया गया। कोई भी बहाना बना दिया गया। संगठन के एक पदाधिकारी ने बताया कि मंत्री जी के निजी सचिव हमेशा ही उनके बिजी रहने का बहाना बना दिया करते थे। कई बार घर पर होते हुए भी मंत्री जी कार्यकर्ताओं से नहीं मिलते थे। ऐसे में संगठन का कोई भी पदाधिकारी उनका समर्थन करेगा ही नहीं। इस पदाधिकारी ने कहा कि यदि आप पार्टी में अंदरुनी तौर पर सर्वे करा लें तो संजीव के समर्थन में 100 में से 10 वोट भी नहीं आएंगे। अब संगठन में उनकी स्थिति ऐसी होगी तो कैसे कोई साथ खड़ा होगा ?

No comments:

Post a Comment