Tuesday 16 February 2016

Full Report: मुजफ्फरनगर विस उपचुनावः भाजपा की चौंकाने वाली जीत, सपा की हार

कांटे के मुकाबले में कपिल देव ने गौरव स्वरूप को हराया


मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत ने समाजवादी पार्टी को चौंका दिया है। इस सीट पर सपा जीत तय मानकर चल रही थी। अगले साल होने वाले विस चुनावों के मद्देनजर सपा के लिए मुजफ्फरनगर उप चुनाव की हार बहुत बड़ा सैटबैक है। पडोसी जिले सहारनपुर की देवबंद सीट पर सपा को कांग्रेस से मात खानी पड़ी है। 

मंगलवार को हुई मतगणना में शुरूआती दौर में सपा के गौरव स्वरूप आगे चल रहे थे और लग रहा था कि भाजपा के कपिल देव आशंकाओं को अनुरूप हार की ओर बढ़ रहे हैं लेकिन बाद में सारे राउंड कपिल के समर्थन में गए। कपिल देव अग्रवाल को 65378 मत मिले जबकि सपा के गौरव स्वरूप को 58026 मत मिले। रालोद की मिथलेश पाल 14726 मत लेकर तीसरे स्थान पर रहीं। कांग्रेस के सलमान सईद को 10561 मत मिले।
सुबह के वक्त पहला रुझान कपिल देव अग्रवाल के पक्ष में आया लेकिन दूसरे और तीसरे राउंड में सपा प्रत्याशी गौरव स्वरूप ने बढत कायम कर ली।
 दूसरे राउंड में कपिल देव को 957, गौरव स्वरूप को 3293, 334 तथा कांग्रेस के सलमान सईद को 1210 मत मिले। तीसरे राउंड में गौरव स्वरूप को 4714, कपिल देव को 711, मिथलेश पाल को 106 तथा सलमान सईद को 1468 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी कपिल देव को पहले राउंड में 4484, रालोद की मिथलेश पाल को 1188 जबकि समाजवादी पार्टी के गौरव स्वरूप को 1080 मत मिले। 

चौथे राउंड में सपा के गौरव स्वरुप भाजपा के कपिल देव को करीब 3000 मतों से पछाडकर आगे निकल गए। चौथे राउंड में गौरव स्वरूप को 4399, कपिल देव भाजपा को 71, मिथलेश पाल रालोद को 45 तथा कांग्रेस के सलमान सईद को 1452 मत मिले। पांचवा और छठा राउंड भी गौरव स्वरूप के पाले में रहा लेकिन सातवें और आठवें राउंड में भाजपा फिर मुकाबले में लौट आई। 
आठवें राउंड की गिनती के बाद जहां सपा के गौरव स्वरूप 22991 मत लेकर आगे थे वहीं भाजपा के कपिल देव 20812 मतों के साथ चुनाव मैदान में डटे हुए थे। कांग्रेस के सलमान सईद 6364 मतों के साथ तीसरे स्थान पर थे तो रालोद की मिथलेश पाल 2748 मतों के साथ एक तरह से चुनावी दौड से ही बाहर हो गई। 10वें राउंड की गिनती के बाद सपा के गौरव स्वरूप की भाजपा के मुकाबले बढत 4406 वोट रह गई। इस राउंड तक सपा गौरव स्वरूप को 29919, कपिल देव को 25513, रालोद की मिथलेश पाल को 3386 तथा सपा के सलमान सईद को 7178 मत मिले।
12 राउंड की गिनती के बाद गौरव स्वरूप 35511 व कपिल देव 31771 मत लेकर चुनाव मैदान में डटे थे। करीब 16 राउंड की गिनती में गौरव स्वरूप बढत बनाए रहे, लेकिन इसके बाद गांधी कालौनी तथा नई मंडी के मतो की गिनती में कपिल ने जोरदार वापसी की और इतनी बढत हासिल कर ली कि गौरव के लिये उसे पार कर पाना मुश्किल हो गया। 19 वे राउंड की गिनती के बाद जहां भाजपा के कपिल देव अग्रवाल 56932 मत लेकर सब से आगे थे, वहीं सपा के गौरव स्वरूप 47903, रालोद की मिथलेश पाल 10396 तथा कांग्रेस के सलमान सईद 9146 मत लेकर चुनाव से लगभग बाहर हो गए। इस राउंड की गिनती तक कपिल देव ने गौरव स्वरूप पर 9029 मतों की बढत बना ली थी।

भाजपा में संजीव बालियान की कद बढ़ा 


मुजफ्फरनगर के सांसद व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान इस चुनाव के लिए शुरू से ही जुटे हुए थे। उन्होंने ही कपिल का टिकट कराया था। विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद संजीव बालियान का कद भी भाजपा में बढ़ गया है। कहा तो यहां तक जाने लगा है कि वे भाजपा में यूपी के सीएम पद के लिए चेहरा भी हो सकते हैं। इसके पहले संजीव ने भाजपा को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में जीत दिलाई थी। संजीव बालियान ने जीत पर कमेंट करते हुए कहा कि ये संगठन की जीत है और इसमें पूरा संगठन जी जान से जुटा था। बालियान ने कहा कि मुजफ्फरनगर उपचुनाव ने पूरे प्रदेश में ये संदेश भी दिया है कि यूपी में सपा के गुंडाराज का अंत जल्द ही होने जा रहा है। अगले साल होने वाले विस चुनाव में जनता सपा को सबक सिखाएगी। इसकी शुरूआत मुजफ्फरनगर से हो चुकी है। बालियान ने कहा कि कपिल देव मेहनती व एक्टिव विधायक साबित होंगे ऐसी उन्हें आशा है। उन्होंने मुजफ्फरनगर के मतदाताओं का भी दिल से आभार प्रकट किया।

No comments:

Post a Comment