Friday 18 March 2016

TOIFA2016: 'बाजीराव मस्तानी’ का क्लीन स्वीप जारी


दुबई: संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ ने टाइम्स ऑफ इंडिया फिल्म अवार्ड्स के दूसरे संस्करण में सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइन समेत तकनीकी श्रेणियों में सर्वाधिक पुरस्कारों पर कब्जा किया। ‘बाजीराव मस्तानी’ में शानदार परिधान डिजाइन करने के लिए जानी मानी डिजाइनर अंजू मोदी ने पुरस्कार अपने नाम किया। इसके अलावा रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण अभिनीत इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ कला निर्देशन और सिनेमेटोग्राफी के पुरस्कारों से भी नवाजा गया।
‘बजरंगी भाईजान’ को सर्वश्रेष्ठ कहानी का पुरस्कार मिला, जिसे फिल्म की मुख्य अभिनेत्री करीना कपूर खान ने मंच पर ग्रहण किया। रेमो डीसूजा की नृत्य आधारित फिल्म ‘एबीसीडी 2’ को सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी के लिए सम्मानित किया गया। शूजीत सरकार की फिल्म ‘पीकू’ के लिए सर्वश्रेष्ठ पटकथा का पुरस्कार जूही चतुर्वेदी को मिला। नोएडा के दोहरे हत्याकांड पर आधारित इरफान खान अभिनीत फिल्म ‘तलवार’ को सर्वश्रेष्ठ संपादन का पुरस्कार दिया गया। ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ को सर्वश्रेष्ठ संवाद का पुरस्कार मिला। वीरवार की शाम आयोजित पुरस्कार समारोह की मेजबानी मनीष पॉल और हुमा कुरैशी ने की। शाहरख खान ने पुरस्कार समारोह में शिरकत करके चार चांद लगा दिए। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ कहानी की ट्रॉफी प्रदान की।
स्टेज पर शानदार प्रस्तुति देने वाले रणवीर ने 'बाजीराव मस्तानी’ के ‘पिंगा’ गीत पर प्रियंका चोपड़ा और दीपिका के स्टेप्स करके दिखाए। पुरस्कार समारोह के बाद एक छोटा, अनौपचारिक फैशन शो हुआ जिसमें मुंबई के डिजाइनरों लिबास के रियाज एवं रेशमा गंगजी ने अपने शानदार डिजाइन पेश किए। इस दौरान अभिनेता सूरज पंचोली और अभिनेत्री जरीन खान ने शोस्टॉपर की भूमिका निभाई। करीना कपूर ने डिजाइनर फरहाज मनन के लिए रैंप पर उतरीं अपनी बहन करिश्मा कपूर की हौसला अफजाई की। इस समारोह में कार्तिक आर्यन, गौतम गुलाटी, श्वेता पंडित और चंकी पांडे समेेत कई हस्तियों ने शिरकत की। मुख्य पुरस्कार समारोह शुक्रवार की रात दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा।





No comments:

Post a Comment