Friday 1 January 2016

बागपत के भाजपा सांसद सत्यपाल सिंह का चालान कटा या नहीं?

नई दिल्ली: भाजपा सांसद सत्यपाल सिंह को आज उस समय रोक दिया गया जब वह राष्ट्रीय राजधानी में शुरू हुयी सम-विषम संख्या योजना का कथित तौर पर उल्लंघन कर सम रजिस्ट्रेशन नंबर वाली अपनी कार में यात्रा कर रहे थे। दिल्ली पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि सिंह के चालक का अभियोजन किया गया या नहीं।

 बागपत के सांसद की सफेद एसयूवी गाड़ी को इंडिया गेट के पास तैनात पुलिस अधिकारियों ने रोक दिया। उनकी गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर का आखिरी अंक छह था। कैमरे में यह दर्ज हो गया कि सिंह गाड़ी में पिछली सीट पर बैठे हुए थे और एक यातायात अधिकारी ने उनसे संपर्क किया और उन्हें एक परचा दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह निश्चित नहीं माना जा सकता कि सांसद को दिया गया परचा चालान ही था। यह की गयी पहलों के बारे में लोगों को अवगत कराने के लिए परचा भी हो सकता है। 

मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त सिंह से कई बार प्रयास के बाद भी संपर्क नहीं हो सका। बाद में उनके एक सहयोगी ने उनका मोबाइल फोन उठाया और दावा किया कि सांसद कुछ घंटा पहले ही दिल्ली से बाहर चले गए हैं। विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) से भी बार बार प्रयास के बाद संपर्क नहीं हो सका। इस योजना में 25 तरह की छूट है और इनमें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, प्रधान न्यायाधीश, लोकसभाध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, संसद के दोनों सदनों में विपक्ष के नेता, राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रशासित प्रदेशों के उपराज्यपाल की कारें शामिल हैं।जो संसद सदस्य उपरोक्त श्रेणियों में नहीं आते, उन्हें छूट नहीं मिली है।

No comments:

Post a Comment