Monday 27 July 2015

Full Story: गुरदासपुर हमले में आतंकियों ने 13 लोगों को मारा, एसपी की मौत; एक आतंकी भी ढेर

गुरदासपुर (पंजाब): पाकिस्तान से आए आतंकियों ने सोमवार सुबह से पंजाब के गुरदासपुर में बीते 20 साल में इलाके में सबसे बड़ा हमला करते हुए 8 पुलिसकर्मी सहित 13 लोगों को मार दिया।  जबकि पुलिस सेना, पंजाब पुलिस, NSG, SSG के साथ ही जम्मू-कश्मीर SWAT के 300 से अध‍िक जवान आतंकियों के खि‍लाफ मोर्चा संभाले हुए हैं।  अब तक एक आतंकी के मारे जाने की खबर है। पंजाब के काउंटर-इंटेलिजेंस आईजी ने बताया है कि ये आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के हैं। 
पंजाब में आठ साल बाद पहले बड़े आतंकी हमले में, पाकिस्तान की सीमा से लगे गुरदासपुर में सेना की वर्दी पहने भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने आज एक चलती बस और एक पुलिस थाने पर ताबड़तोड़ गोलियां चलायीं  आतंकवादियों ने दीनानगर में सुबह करीब पांच बजे हमला शुरू किया। आतंकी दीनानगर थाने के बगल में एक खाली इमारत में छिपे हैं। गोलीबारी को दस घंटे से ज्यादा समय हो चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि आतंकियों ने छह लोगों - तीन नागरिकों और पंजाब प्रांतीय सेवा के एक अधिकारी पुलिस अधीक्षक (जासूसी) बलजीत सिंह सहित तीन पुलिस पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया अभी यह कहना जल्दबाजी होगा कि किस आतंकी संगठन ने हमले को अंजाम दिया है लेकिन शक पाकिस्तान स्थित लश्कर ए तोयबा पर है जिसके आतंकियों ने हालिया समय में जम्मू क्षेत्र में इसी तरह का हमला किया था। पंजाब पुलिस आईजी (काउंटर इंटेलीजेंस) गौरव यादव के मुताबिक एसपी बलजीत सिंह ने गोलीबारी में गोली लगने के बाद दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि गुरदासपुर के सिविल हॉस्पिटल में लाए गए घायल आठ लोगों में से गंभीर रूप से घायल सात लोगों को अमृतसर भेज दिया गया। इन सभी की उम्र 15-54 के बीच है।

गुरदासपुर के उपायुक्त अभिनव त्रिखा ने बताया कि अभियान में एक आतंकी मारा गया और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, आतंकियों ने सबसे पहले सड़क किनारे एक ढाबे को निशाना बनाया और पंजाब पंजीकरण वाली एक सफेद रंग की मारूति 800 कार भी उठा ले गए। दीनानगर बायपास के निकट सड़क किनारे एक विक्रेता को गोली मार दी। इसके बाद, उन्होंने पंजाब रोडवेज की चलती बस में यात्रियों पर गोलियां चलायी और दीनानगर थाने के बगल में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को निशाना बनाया। बंदूकधारी दीनानगर थाने में घुस गए और अंधाधुंध गोलियां चलायी। आतंकियों ने परिसर के उस हिस्से में भी गोलियां चलायी और ग्रेनेड फेंके जहां पुलिसकर्मियों का परिवार रहता है। सूत्रों ने बताया कि पंजाब और जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास अलर्ट जारी किया गया है क्योंकि आतंकियों के वहां से घुसपैठ करने की आशंका है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से स्थिति पर बातचीत की। सिंह ने कहा कि वह मुद्दे पर कल संसद में बयान देंगे। संसद के सदस्यों ने आज इस मुद्दे पर सरकार का जवाब मांगा।

राज्य ने 1980 के दशक के बाद से कई वर्षों तक सिख चरमपंथ का सामना किया। अंतिम आतंकवादी हमले में लुधियाना में 14 अक्तूबर 2007 में एक सिनेमाघर में शक्तिशाली बम विस्फोट में सात लोगों की मौत हो गयी थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। स्वतंत्रता दिवस के महज तीन हफ्ते पहले हमले के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे देश में खासकर पंजाब और पड़ोसी राज्यों के साथ ही केंद्रशासित क्षेत्र चंडीगढ़ में चौकसी बढ़ा दी है। एक संबंधित घटनाक्रम में अमृतसर-पठानकोट रेलवे लाइन पर पांच जिंदा बम मिले और ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गयीं।

पाकिस्तान के नजदीक स्थित दीनानगर शहर गुरदासपुर जिले में आता है। इसके एक तरफ गुरदासपुर शहर है और दूसरी तरफ पठानकोट। यह राजधानी चंडीगढ़ से 260 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। अधिकारियों ने बताया कि घटना को देखते हुए शहर में आज स्कूल, कॉलेज और अन्य संस्थानों को बंद कर दिया गया। स्थानीय निवासी कमलजीत सिंह मथारू ने कहा कि हमलावरों ने उस पर गोलीबारी कर उसकी कार छीन ली और वे सेना की वर्दी पहने हुए थे तथा भारी हथियारों से लैस थे। गोलीबारी में मथारू घायल हो गया और वह अस्पताल में भर्ती है। मृतकों में तीन की पहचान गुलाम रसूल, आशा रानी और अमरजीत सिंह के रूप में हुई है। सीमा क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ईश्वर चंद्र शर्मा ने कहा कि बंदूकधारियों ने पंजाब रोडवेज की एक बस पर हमला किया और फिर थाना परिसर में घुस गए। उन्होंने कहा कि हमने उन्हें पास की एक इमारत में घेर लिया है जो एक परित्यक्त इमारत और बैरक है। गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि बंधक प्रकरण वाली स्थिति नहीं है।



No comments:

Post a Comment