Thursday 30 July 2015

मेमन को फांसी के बाद राजनीतिक दलों में छिड़ी जुबानी जंग

नई दिल्ली: मुंबई बम विस्फोटों के दोषी याकूब मेमन के फांसी के फंदे से बचने के लिए अंतिम समय में किए गए प्रयास काम नहीं आए और उसे गुरुवार की सुबह सात बजे नागपुर जेल में फांसी पर लटका दिया गया। आज ही 53 साल के हुए मेमन को टाडा अदालत ने उसके मौत के फरमान पर तामील के लिए यही समय निर्धारित किया था। मौत के फरमान को उसके वकीलों की टीम ने कई बार चुनौती दी लेकिन तमाम प्रयास विफल साबित हुए। मेमन को फांसी तो दे दी गई लेकिन इसे लेकर राजनीतिक दलों में बहस भी छिड़ गई है। कांग्रेस ने इसे जल्दबाजी करार देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है तो भाजपा इसके लिए कांग्रेस पर जनता का अपमान करने वाला बताया है।

बुधवार देर रात से गुरुवार सुबह तक चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद याकूब को फांसी दे ही दी गई। उसके शव को बाद में उसके भाई सुलेमान और चचेरे भाई उस्मान के सुपुर्द कर दिया गया जो कल से ही यहां शहर में ठहरे हुए थे। शव को मुंबई ले जाकर दफना दिया गया। याकूब का तो अंत हो गया लेकिन एक नई बहस का जन्म हो गया। कांग्रेस नेताओं दिग्विजय सिंह और शशि थरूर ने सरकार एवं न्यायपालिका की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। मेमन को फांसी से मौत की सजा के मुद्दे पर नये सिरे से बहस गर्माने के बाद सिंह ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर कहा कि सरकार और न्यायपालिका को इसी तरह की बेमिसाल तत्परता और प्रतिबद्धता आरोपी के धर्म की परवाह नहीं करते हुए सभी आतंकी मामलों में दिखाना चाहिए। थरूर ने कहा कि राज्य प्रायोजित हत्याओं ने हमें भी हत्यारा बना दिया है। माकपा ने याकूब को फांसी के मामले में कहा कि इसमें न्याय नहीं हुआ और भाकपा ने कहा कि मौत की सजा को देश में नहीं होनी चाहिए। एआईएमआईएम नेता और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मौत की सजा इस तरह के हर मामलों में हो। ओवैसी ने कहा बाबू बजरंगी, माया कोडनानी, लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित और स्वामी असीमानंद को भी मौत की सजा दी जानी चाहिए। बता दें, बजरंगी और कोडनानी गुजरात दंगों में आरोपी हैं जबकि लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित और स्वामी असीमानंद मालेगांव विस्फोटों में आरोपी हैं। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि वह खबर से काफी दुखी हैं कि हमारी सरकार ने एक मनुष्य को फांसी दे दी। राज्य प्रायोजित हत्या ने हम सबको एक हत्यारे की श्रेणी में ला खड़ा किया है। हालांकि साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले के गुण दोष में नहीं जा रहे लेकिन सिद्धांतत: और व्यावहारिक तौर पर अपने देश में मृत्युदंड का विरोध करते हैं। दूसरी ओर, भाजपा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का बयान आतंकवाद के मुद्दे पर विपक्षी पार्टी में विरोधीभासी आवाजों को रेखांकित करता है। भाजपा सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि वह अमन पसंद लोगों का अपमान कर रहे हैं जो आतंकवाद से छुटकारा चाहते हैं।



No comments:

Post a Comment