Monday 7 September 2015

बोले सलमान, नए कलाकारों के लिए मुश्किल दौर


मुंबई: अभिनेता सलमान खान का मानना है कि आज की तुलना में पहले के कलाकारों के बच्चों को कैरियर शुरू करने में आसानी होती थी। उनका मानना है कि आज के समय में सभी नवोदित कलाकार बेहतर तरीके से प्रशिक्षित होते हैं। सलमान (49) को सोनाक्षी सिन्हा, कैटरीना कैफ, जरीन खान और डेजी शाह जैसी अन्य प्रतिभाओं को मौका दिये जाने के लिए जाना जाता है। अब उन्होंने सुनील शेट्टी की बेटी अथिया और आदित्य पंचोली के बेटे सूरज को अपनी होम प्रोडक्शन की आने वाली फिल्म 'हीरो’ में मौका दिया है। यहां एक साक्षात्कार में सलमान ने बताया, हर किसी के बेहतर तरीके से तैयारी करने, बेहतर प्रशिक्षित होने के बावजूद आज का समय काफी मुश्किल है। वे अपने लुक, एक्शन, नृत्य और हर चीज पर काम कर रहे हैं। हमारे समय में, किसी को भी मौका मिल जाता था। उन्होंने कहा कि बजट के मामले में, आज की फिल्में बड़ी हो गयी हैं और प्रतियोगिता के कारण यह एक मुश्किल घड़ी है। सलमान ने कहा कि 'मैने प्यार किया’ फिल्म एक करोड़ 11 लाख में बनी थी जो आज दो दिनों की शूटिंग का खर्चा है। एक तरह से यह उस समय कठिन था लेकिन अब ज्यादा मुश्किल है, अधिक समस्याएं हैं। आज का बजट बड़ा है। उन्होंने बताया कि पहले लोग खतरा मोल लेते थे, देखते थे और तीन या चार दिनों तक फिल्म बनाते थे और अगर चीजें सही नहीं हो रही होती थी तो उसे छोड़ देते थे। अब एक फिल्म को शुरू करने में चार से छह करोड़ रूपया खर्च हो जाता है, ऐसे में कोई ऐसा नहीं करता। आज अधिक प्रतियोगिता है। सलमान ने हाल ही में ये भी साफ कर दिया है कि वे बिग बास के सीजन 9 को भी होस्ट करने वाले हैं। इसका प्रचार भी शुरू हो गया है। 

No comments:

Post a Comment