Thursday 17 September 2015

मोदी को जन्मदिन पर बधाइयों का तांता, साथियों और विपक्षी नेताओं ने भी दी शुभकामनाएं

परमवीर चक्र विजेता शहीद अब्दुल हमीद की विधवा से मिलते मोदी। 
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने उनके 'उत्साह’ और 'अलग हट कर सोचने’ के अंदाज की सराहना की और तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी। मोदी गुरुवार को 65 वर्ष के हो गए हैं। राष्ट्रपति ने अपने शुभकामना संदेश में कहा-विशेष दिन आया है क्योंकि आपने हमारे महान देश के प्रधानमंत्री के रूप में 15 महीने से अधिक समय पूरा किया है। पिछला साल महत्वपूर्ण समय रहा जब व्यक्तिगत रूप से आपने और देश ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। शुभकामना संदेश में राष्ट्रपति ने कहा-आपकी कड़ी मेहनत, उत्साह और अलग हट कर सोचने के अंदाज़ की देश और विदेश में बड़े पैमाने पर सराहना हुई है।
राष्ट्रपति के प्रवक्ता वेणु राजामणि के अनुसार मुखर्जी ने मोदी की उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई देते हुए कहा-ईश्वर आपको अच्छा स्वास्थ्य, खुशियां और राष्ट्र की प्रतिबद्ध सेवा करने के लिए कई और वर्ष दे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्विटर पर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। इससे पहले मोदी ने गत 19 जून को राुहल गांधी को 45 वर्ष का होने पर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी थी। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा-जन्मदिन की बधाई नरेन्द्र मोदी जी। पूरी उर्जा और प्रतिबद्धता के साथ आप भारत की सेवा करें। आपकी राजनीति से हमारी असहमति बनी रहेगी लेकिन हम आपका सम्मान करते हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की बधाई। मैं उनके अ'छे स्वास्थ्य और उनकी लंबी आयु की कामना करता हूं। मोदी ने भी केजरीवाल को उनके जन्मदिन पर मुबारकबाद दी थी। मुख्यमंत्री ने तत्काल उसका जवाब देते हुए उनका धन्यवाद किया था और राष्ट्रीय राजधानी की मौजूदा स्थिति पर चर्चा करने के लिए उनसे मिलने की इच्छा जाहिर की थी।
नेशनल कान्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्विटर पर लिखा-नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। देश की सेवा करने के लिए ईश्वर आपको लंबी आयु दे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट पर प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि वह ईश्वर से उनकी लंबी आयु और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। मंत्रिमंडल में मोदी के सहयोगियों अरण जेटली और राजनाथ सिंह ने भी उन्हें ट्विटर के माध्यम से बधाई दी। जेतली ने ट्वीट किया-मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को आज उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देता हूं। ईश्वर उन्हें अच्छा स्वास्थ्य और उनके सभी प्रयासों में उन्हें सफलता प्रदान करे। राजनाथ सिंह ने ट्विटर पर अपने पोस्ट में लिखा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज उनके जन्मदिवस पर शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें अच्छा स्वास्थ्य और लंबी आयु दे। राजग सहयोगी एवं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा-नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की बधाई। आप अपने दूरदर्शी नेतृत्व में इसी प्रकार देश को समृद्धि की राह पर लेकर चलते रहें। ईश्वर आपको अच्छा स्वास्थ्य प्रदान करे।
लोजपा प्रमुख एवं मंत्रिमंडल में मोदी के सहयोगी राम विलास पासवान ने कहा-मैं मोदी जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई देता हूं। मैं आपके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा-हमारे प्रिय नेता माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को महाराष्ट्र की ओर से जन्मदिवस की हार्दिक बधाई। उधर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस का जश्न मनाने के लिए 365 किलोग्राम का विशेष लड्डू बनवाया।

No comments:

Post a Comment